धौनी का डांस देख हंसी नहीं रोक पाई साक्षी
वीडियो में धौनी से साक्षी डांस करने के लिए कहती हैं तो वह फौरन तैयार हो जाते हैं।
जासं, रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी मैदान पर हमेशा कूल दिखते हैं, लेकिन जब परिवार के साथ होते हैं तो उनका अंदाज और भी निराला होता है। एक वायरल वीडियो में उनका ऐसा ही मस्ती भरा अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इसमें उनकी पत्नी साक्षी भी दिखाई दे रही हैं।
न्यूजीलैंड के साथ सीरीज खत्म होने के बाद धौनी अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। इस बीच, इंस्टाग्राम पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बॉलीवुड गाने पर धौनी डांस करते दिख रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो कब का है इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है पर पूर्व कप्तान की मस्ती प्रशंसकों को खूब पसंद आ रही है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में धौनी से साक्षी डांस करने के लिए कहती हैं तो वह फौरन तैयार हो जाते हैं। देसी ब्वायज फिल्म के झक मार के गाने पर धौनी बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम के स्टेप को फॉलो करने की कोशिश भी करते हैं। उनके लटके-झटके देख साक्षी अपनी हंसी नहीं रोक पातीं। मटकते हुए धौनी कैमरे की तरफ भी आते हैं और इस दौरान साक्षी हंसती रहती हैं। इस वीडियो को कुछ ही देर में एक लाख से ज्यादा लोगों ने देखा।