डीजे की गूंज से झड़ रहा रांची धर्मशाला का प्लास्टर, वैवाहिक समारोह के आयोजन पर लगी रोक
रांची अपर बाजार जालान रोड स्थित रांची नगर निगम का रांची धर्मशाला (बिहारी धर्मशाला) बदहाल स्थिति में पहुंच गया। इसे देखते हुए शादी-ब्याह आदि आयोजनों पर रोक लगा दी गई है।
जागरण संवाददाता, रांची : अपर बाजार जालान रोड स्थित रांची नगर निगम का रांची धर्मशाला (बिहारी धर्मशाला) जर्जर हो चुका है। कुछ दिनों पूर्व बाथरूम की छत का प्लास्टर गिरने के बाद नगर आयुक्त मनोज कुमार ने इस भवन में वैवाहिक समारोह के आयोजन पर रोक लगा दिया है। पूर्व में कराए गए बुकिंग को भी रद करने का निर्देश दिया गया है। नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा व स्वास्थ्य शाखा के पदाधिकारी को भवन की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इधर, शादी-विवाह के आयोजन को लेकर जनवरी माह के कई बुकिंग भी रद कर दिए गए हैं। हालांकि शुक्रवार को एक व्यक्ति 25 जनवरी की बुकिंग को लेकर काफी परेशान हुआ। निगम के बाजार शाखा में 25 जनवरी की बुकिंग को रद करने की बात सुनते ही संबंधित व्यक्ति गुस्से से लाल हो उठा। कहा, एक माह पूर्व बुकिंग कराई थी। अब आप कह रहे हैं, बुकिंग रद करा लो। ऐसा नहीं हो सकता। 25 को शादी है। इतने कम समय में दूसरी जगह कैसे मिलेगी। यदि आप दूसरी जगह दिला सकते हैं तो दिला दें। निगम कर्मी उन्हें समझाते रहे, लेकिन वे कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।
63 लॉज, हॉस्टल व बैंक्वेट हॉल अवैध, नोटिस जारी
नगर निगम क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित 63 लॉज, हॉस्टल व बैंक्वेट हॉल को रांची नगर निगम ने नोटिस जारी किया है। शनिवार से नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम संबंधित संचालकों को नोटिस उपलब्ध कराएगी। नोटिस में कहा गया है कि वैधानिक रूप से लॉज, हॉस्टल व बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए दो दिनों के अंदर निबंधन कराएं, अन्यथा संबंधित भवन सील कर दिए जाएंगे। नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि इनमें से कुछ संचालकों ने निबंधन के लिए आवेदन किया है। कुछ दिनों पूर्व लॉज, हॉस्टल व बैंक्वेट हॉल के निबंधन से संबंधित आवेदनों की सूती रांची नगर निगम के वेबसाइट पर प्रकाशित की गई है। आम लोगों से संबंधित लॉज, हॉस्टल व बैंक्वेट हॉल के संबंध में अनापत्ति मांगी गई है।
बुधवार को इंफोर्समेंट टीम ने की थी छापेमारी
शहर में अवैध रूप से संचालित लॉज, हॉस्टल के खिलाफ नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने बुधवार को छापेमारी की थी। इस क्रम में न्यू बरही टोली, चुटिया व डोरंडा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित सात लॉज, हॉस्टल पर 25-25 हजार रुपये जुर्माना किया था। शुक्रवार को पांच संचालकों ने जुर्माना की राशि का भी भुगतान किया।