प्रिंस खान को आतंकवादी घोषित करने के लिए धनबाद पुलिस ने की अनुशंसा, दुबई के बाद पाकिस्तान से चला रहा गैंग
धनबाद पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान को (Terrorist) आतंकवादी घोषित करने की अनुशंसा की है। उस पर पाकिस्तान में ...और पढ़ें

प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की तैयारी, धनबाद पुलिस ने की अनुशंसा।
HighLights
खुफिया एजेंसियों ने आतंकी संबंधों की सूचना दी, रेड कॉर्नर नोटिस जारी।
पाकिस्तान में प्रतिबंधित संगठनों से संपर्क का आरोप, 125+ केस दर्ज।
राज्य ब्यूरो, रांची। धनबाद के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान को आतंकवादी घोषित करने की तैयारी है। इसके लिए धनबाद पुलिस ने पुलिस मुख्यालय से अनुशंसा की है। पुलिस मुख्यालय से राज्य सरकार के गृह विभाग को अनुशंसा भेजी जाएगी।
वहां से केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनुशंसा की जाएगी। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान दुबई में था। दबाव के बाद वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रहकर झारखंड के कारोबारियों से रंगदारी मांग रहा है।
उसपर पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से संपर्क की सूचना खुफिया एजेंसी ने झारखंड पुलिस को दी है। इतना ही नहीं, प्रिंस खान पर विभिन्न थानों में 125 से अधिक केस दर्ज हैं। इन सभी बिंदुओं पर समयक विचार के बाद धनबाद पुलिस ने उसे आतंकी घोषित करने के लिए पुलिस मुख्यालय से अनुशंसा की है।
पुलिस का मानना है कि प्रिंस खान सिर्फ संगठित अपराध तक सीमित नहीं है, बल्कि वह पाकिस्तान में बैठकर भारत की संप्रभुता को चुनौती देने की गतिविधियों में शामिल है। वह पाकिस्तानी आतंकियों के साथ मिलकर देश में आपराधिक या आतंकी वारदात की साजिश रचने में शामिल हो सकता है।
प्रिंस खान के विरुद्ध जारी है रेड कार्नर नोटिस
कुख्यात प्रिंस खान के विरुद्ध जांच कर रही झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की अनुशंसा पर सीबीआइ के माध्यम से रेड कार्नर नोटिस जारी हो चुका है। उसका पासपोर्ट भी रद हो चुका है। उसकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की भी की जा चुका है।
धनबाद पुलिस को इनपुट मिला है कि पाकिस्तान पहुंचने के बाद प्रिंस खान ने वहां सक्रिय प्रतिबंधित व संदिग्ध आतंकी संगठनों से संपर्क साधा। पाकिस्तान से भारत में हथियार आपूर्ति के नेटवर्क में भी प्रिंस खान के विरुद्ध जांच चल रही है।
