विकास विरोधी शक्तियों को बेनकाब करेंगे : मुख्यमंत्री
- प्रबुद्ध वर्ग की विचार गोष्ठी में बोले सीएम - अगले दो माह में 15 लाख गरीब बहनों को देंगे
- प्रबुद्ध वर्ग की विचार गोष्ठी में बोले सीएम
- अगले दो माह में 15 लाख गरीब बहनों को देंगे गैस कनेक्शन
-------
राब्यू, रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विकास विरोधी शक्तियों को बेनकाब करने की बात कही है। शनिवार को रांची में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग की विचार गोष्ठी में उन्होंने इन शक्तियों को बेनकाब करने में इस वर्ग विशेष का सहयोग भी मांगा। उन्होंने कहा कि आज देश में एक ओर राष्ट्रवाद है तो दूसरी ओर राष्ट्र विरोधी शक्तियां हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है, इस कारण विकास विरोधी शक्तियां छटपटा रही हैं। विकास विरोधी शक्तियां केवल मोदी हटाओ और भाजपा हटाओ के नारे के साथ एकजुट हो रही हैं। ऐसी शक्तियों को पहचानकर उनकी पोल खोलने की जिम्मेदारी समाज के हर तबके की है। उन्हें बेनकाब कर राष्ट्र की सेवा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिए गए अंत्योदय के मंत्र के साथ सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम कर रही है। देश में 60 साल से ज्यादा शासन करने वाली पार्टी काफी समस्याएं छोड़ गई है। आजादी के इतने सालों बाद भी गांव में बिजली, आधारभूत संरचना, सिंचाई की सुविधा नहीं है। कहा, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत कर गांव-गांव को जोड़ने के काम की शुरुआत की। गांवों में शिक्षा की अलख जागने के लिए सर्व शिक्षा अभियान भी उनके द्वारा ही शुरू किया गया था। वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और स्वामी विवेकानंद के भारत को विश्व गुरू बनाने की दिशा में काम करना शुरू किया है। उनका मानना है कि गांव, गरीब, किसान, शोषित, पीड़ित वंचितों के विकास के बिना भारत विश्व गुरु नहीं बन सकता। चार साल की सरकार के दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत कर देशभर की महिलाओं को शौचालय की सौगात दी है। उज्ज्वला योजना के रूप में महिलाओं और बच्चों को धुआं रहित बीमारियों से बचाने का अभियान शुरू किया है। झारखंड देश का पहला राज्य है जहां गैस के साथ चूल्हा भी फ्री दिया जा रहा है। अगले दो माह में और 15 लाख गरीब बहनों को कनेक्शन दिया जाएगा।
-----------