विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार में भाजपा के स्टार प्रचारकों में झारखंड से सिर्फ एक नाम, हेमंत की भाभी को अब तक नहीं मिला मौका

Published: Thu, 28 Mar 2024 02:41 PM (GMT+05:30)

बिहार में भाजपा के स्टार प्रचारकों में झारखंड से सिर्फ एक नाम और वह है पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा ...और पढ़ें

बिहार में भाजपा के स्टार प्रचारकों में झारखंड से सिर्फ एक नाम।
बिहार में भाजपा के स्टार प्रचारकों में झारखंड से सिर्फ एक नाम।

राज्य ब्यूरो, रांची। पड़ोसी बिहार में पहले झारखंड के भाजपा नेताओं को चुनाव प्रचार में लगाया जाता था। इसकी बड़ी वजह राज्य से सटे बिहार की संसदीय सीटों का जातीय गणित है। आदिवासियों की बहुलता वाले इलाके में जनजातीय समुदाय के नेताओं को जिम्मेदारी दी जाती थी, लेकिन इस बार बिहार में भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची से झारखंड के दिग्गज नदारद हैं।

अब तक सिर्फ दीपक प्रकाश को मिली जगह

बताया जा रहा है कि चुनाव में आवश्यकता के मुताबिक ऐसे नेताओं के दौरे का कार्यक्रम बाद में तय किया जाएगा। पूर्व में भी राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने बिहार जाकर चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया है। इस बार बिहार भाजपा के स्टार प्रचारकों में राज्य से सिर्फ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश को ही जगह मिली है।

दीपक प्रकाश बिहार प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी भी हैं। संगठनात्मक विषयों पर उनकी पकड़ है। उनके अनुभव का उपयोग पार्टी अन्य राज्यों में भी करती रही है। हालांकि पहले संभावना जताई जा रही थी कि आदिवासी बहुल इलाकों में प्रचार अभियान में सीता सोरेन को लगाया जा सकता है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन हाल ही में भाजपा में शामिल हुई हैं। बहरहाल पार्टी उनका इस्तेमाल चुनावों के दौरान कर सकती है।

दीपक प्रकाश ने कहा- सारी सीटें जीतेंगे

बिहार में स्टार प्रचारकों की सूची में शुमार दीपक प्रकाश खासे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि सीटों के लिहाज से बिहार देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के बाद बिहार में लोकसभा की सबसे ज्यादा 40 सीटें हैं।

उन्होंने कहा कि सभी सीटों पर राजग की जीत होगी। उन्होंने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किए जाने पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। कहा कि देशभर में 400 के आंकड़े को पार कर तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।

यह भी पढ़ें: Jharkhand Politics: झारखंड में BJP के यह दिग्‍गज नेता छोड़ सकते हैं पार्टी, JMM में शामिल होने की अटकलें तेज

यह भी पढ़ें: Jharkhand Crime: डबल मर्डर से थर्राया गुदड़ी, लकड़ी के पीढ़ा से बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्‍या; खुद ऐसे मारा गया हत्‍यारा