झारखंड में वज्रपात से आठ और मरे, तीन दिनों में 28 मौतें
झारखंड में पिछले तीन दिनों से वज्रपात से 28 लोगों की जान जा चुकी है।
जेएनएन, रांची। वज्रपात झारखंड में लगातार कहर बना हुआ है। मंगलवार को आठ और लोगों की जान आसमानी बिजली गिरने से हो गई। रांची में दो भाइयों समेत तीन की मौत हुई है। लोहरदगा में एक दादी और पोती भी इसकी चपेट में आकर काल के गाल में समा गए। एक मौत सिमडेगा में हुई है।
पिछले तीन दिनों से वज्रपात से राज्य में 28 लोगों की जान जा चुकी है। उधर, पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड में सोमवार की देर रात आई तेज आंधी-बारिश के कारण कानीझाड़ा गांव में घर गिरने से दंपत्ति दब गए। इससे मकान मालिक वासेद शेख (65) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी मुर्शेदा बीबी (60) जख्मी हो गई।
वज्रपात से कहां किसकी मौत
रांची : मांडर प्रखंड के मुरकुनी गांव में 14 वर्षीय बच्ची सरवरी खातून।
रांची : बेड़ो प्रखंड में जमरुदीन के पुत्र अख्तर अंसारी व सोनू अंसारी। दोनों सगे भाई थे।
लोहरदगा : कैरो थाना क्षेत्र के टाटी गांव में उर्मिला देवी (65 वर्ष) व आयुषी कुमारी (06 वर्ष)। दोनों दादी-पोती हैं। सिमडेगा : सदर प्रखंड के गरजा टंगराटोली में 15 वर्षीय किशोरी रंजीता करकेट्टा।