विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अवैध खनन केस में संदिग्ध के करीबी के अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे DC, ED को घोटाले का पैसा लगा होने का शक

By Dilip KumarEdited By: Mohit Tripathi
Published: Thu, 08 Jun 2023 12:26 AM (IST)

अवैध खनन मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी की नजर अब साहिबगंज में एनएच-80 के समीप ...और पढ़ें

1000 करोड़ के अवैध खनन मामले में ईडी का संदिग्ध है हीरा भगत।
1000 करोड़ के अवैध खनन मामले में ईडी का संदिग्ध है हीरा भगत।

राज्य ब्यूरो, रांची: अवैध खनन मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी की नजर अब साहिबगंज में एनएच-80 के पास शोभनपुर मठिया के मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल सिद्धि विनायक पर है। इस अस्पताल का उद्घाटन साहिबगंज के उपायुक्त राम निवास यादव ने बीते एक जून को किया है।

अवैध खनन में संदिग्ध के करीबी का है अस्पताल

यह अस्पताल अवैध खनन मामले के संदिग्ध हीरा भगत के करीबी पारिवारिक सदस्य की बताई जा रही है। करीब पांच करोड़ की लागत से बने इस अस्पताल में हीरा भगत के रुपये भी लगे होने की सूचना पर ईडी के कान खड़े हुए हैं। अस्पताल के संचालक डॉ. अतुल कुमार को हीरा भगत का भतीजा बताया गया है। यह भी सूचना मिली है कि इस अस्पताल में हीरा भगत के बिहार के एक नजदीकी रिश्तेदार के भी पैसे लगे हैं।

अवैध खनन के खिलाफ हुई छापेमारी में हीराभगत के आवास से मिली थी सबसे अधिक संपत्ति

अवैध खनन के मामले में बीते साल आठ जुलाई 2022 को ईडी ने मुख्यमंत्री के बरहेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा व उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस वक्त पंकज मिश्रा के करीबी हीरा भगत के आवास से सबसे अधिक करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये नकदी मिले थे। बाद में ईडी ने हीरा भगत कर समन कर उनसे पूछताछ भी की थी। अवैध खनन मामले में हीरा भगत के अलावा ईडी ने साहिबगंज के उपायुक्त रामनिवास यादव का भी बयान लिया था।

अस्पताल में निवेश के बिंदु पर भी ईडी कर रही है छानबीन

साहिबगंज के इस नवनिर्मित मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के उद्घाटन के बाद से ही ईडी अस्पताल के निर्माण में निवेश के बिंदु पर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। सूचना है कि बहुत जल्द ईडी हीरा भगत को समन करेगी और उनसे इस पूरे प्रकरण पर फिर से बयान लेगी। फिलहाल, गोपनीय तरीके से पूरे मामले की छानबीन जारी है।