झारखंड के छात्र ने बनाया सोशल मीडिया एप 'इंडो बडी', व्हाट्सएप-फेसबुक व इंस्टाग्राम को देगा टक्कर
Social Media App Indo Buddy लांचिंग के अवसर पर अभिषेक महतो ने ‘इंडो बडी’ सोशल मीडिया एप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इंडो बडी पर लोग पूरी दुनिया से जुड़ सकेंगे। उपयोगकर्ताओं का डेटा भारत में संग्रहीत किया जाता है
खूंटी, जासं। झारखंड के खूंटी जिले के एक छात्र ने व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम को टक्कर देने वाला एप बनाया है। डीएवी स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ने वाले छात्र अभिषेक महतो ने ‘मेड इन इंडिया' सोशल मीडिया एप विकसित किया है, जिसका नाम इंडो बडी है। यह एप फीचर्स में व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम को मात देता है। यह एप इन तीनों विदेशी एप का कंबाइंड रूप है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने इस एप की लांचिंग की है।
लांचिंग के अवसर पर अभिषेक महतो ने ‘इंडो बडी’ सोशल मीडिया एप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इंडो बडी पर लोग पूरी दुनिया से जुड़ सकेंगे। किसी भी एप को लेकर उसके यूजर की चिंता होती है कि उसकी गोपनीयता बनी रहे। इंडो बडी एप में इसे प्राथमिक चिंता के रूप में समझते हुए उपयोगकर्ता की गोपनीयता के साथ बनाया गया है।
उपयोगकर्ताओं का डेटा भारत में संग्रहीत किया जाता है और उपयोगकर्ता का डेटा उपयोगकर्ता की सहमति के बिना किसी तृतीय पक्ष के साथ कभी साझा नहीं किया जाएगा। इसमें कई तरह के फीचर्स दिए गए हैं, जिससे मैसेजेस, वीडियो को सुरक्षित रख सकते हैं। अभिषेक ने कहा कि इस एप को विकसित करने का मुख्य उद्देश्य भारत को एप के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेक इन इंडिया पर जोर दे रहे हैं। इसी के तहत विदेशी एप पर से निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से इस एप का निर्माण किया है।
छात्र अभिषेक महतो ने बताया कि इससे पहले भी वह एक एप बना चुका है, जिसके माध्यम से रेस्टोरेंट व होटलों से भोजन की होम डिलीवरी की जा रही है। अभिषेक ने कहा कि एप को डिजाइन करने के लिए जावा और डॉट नेट का प्रयोग किया गया है। साथ ही पीएचपी प्रोग्रामिंग का भी यूज़ किया गया है। इस एप को बनाने में अभिषेक महतो के मित्र अनुराग कुमार झा का भी सहयोग रहा है।
साथ ही डीएवी, खूंटी के परिसर में स्थित अटल टिंकरिंग लैब एवं कंप्यूटर शिक्षक धर्मवीर कुमार का काफी सहयोग मिला है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने छात्र की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में पढ़ाई के साथ-साथ जिस तरह यह एप बनाया, उससे साफ है कि उसका भविष्य उज्जवल है। इस मौके पर उपायुक्त शशि रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता व अन्य डीएवी के कंप्यूटर शिक्षक धर्मवीर कुमार मौजूद रहे।