गुमला में बहू ने 80 वर्षीय सास काे पीट-पीटकर मार डाला, गिरफ्तार Gumla News
Jharkhand. घटना की जानकारी मिलने के बाद बिशुनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया।
बिशुनपुर (गुमला), जासं। बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सेरका गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना शनिवार की रात घटी। यहां एक बहू ने अपनी 80 वर्षीय वृद्ध सास की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भीतर सेरका गांव निवासी खेमराज तुरी की पत्नी आशा देवी ने अपनी 80 वर्षीय सास मघंनी देवी को घसीटते हुए लाठी-डंडे से मार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद बिशुनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। रविवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया। इधर आरोपी महिला के पति ने अपने पत्नी के ऊपर मां की हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के संबंध में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि मृतक वृद्ध महिला के दो बेटे हैं। इसमें एक सरकारी स्कूल में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी है तो दूसरा बेटे की पत्नी सेरका पंचायत की पंचायत समिति सदस्य।
परंतु दोनों बेटों के बीच अपनी वृद्ध मां को रखने एवं पिता की मृत्यु के बाद मां को पेंशन के रूप में मिल रहे 12000 रुपया के लिए हमेशा तनातनी की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि वृद्ध महिला अपने छोटे बेटे खेमराज तुरी के पास रहती थी। यहां उसकी छोटी बहू आशा देवी के द्वारा हमेशा मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था। अंततोगत्वा शनिवार की रात उसकी पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई।
इधर आरोपी महिला ने थाने में अपना जुर्म स्वीकारते हुए कहा कि कुछ दिनों से मैं अपने सास से अलग रहती थी। मैं शनिवार रात चावल लेने के लिए घर गई तो उसने मुझे डंडे से मेरी आंख के समीप मारा। इसके बाद मैंने डंडे से अपनी सास को मार दिया। घटना के बाद खेमराज तुरी ने अपनी पत्नी आशा देवी पर हत्या का मामला थाना में दर्ज कराया है। वहीं बड़ा भाई बसंत तुरी गवाह बना है। मामले को लेकर थाना प्रभारी मोहन कुमार ने कहा कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यायालय में प्रस्तुति के लिए भेजा जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया गया है।