विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्णब तूफान के चलते कई शहरों में उड़ान रद, रांची एयरपोर्ट में एटीसी को रखा गया अलर्ट पर

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:12 PM (IST)

चक्रवाती तूफान अर्णब के मद्देनजर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम खराब होने पर ...और पढ़ें

अर्णब तूफान को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सतर्कता और बढ़ी।

अर्णब तूफान को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सतर्कता और बढ़ी।

HighLights

  1. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर चक्रवाती तूफान अर्णब को लेकर सतर्कता बढ़ी।

  2. मौसम बिगड़ने पर उड़ानों में बदलाव या रद्दीकरण संभव।

  3. यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह।

जागरण संवाददाता, रांची। चक्रवाती तूफान अर्णब का असर देश के विभिन्न हिस्सों में विमान सेवाओं पर पड़ने लगा है। तटीय क्षेत्रों के कुछ एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन प्रभावित होने और उड़ानें रद होने के बीच रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण(एएआइ) ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। विमानन कंपनियों को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम की स्थिति के अनुसार उड़ानों के संचालन का निर्णय लेने को कहा गया है।

बुधवार को रांची एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन सामान्य रहा। तूफान के कारण यहां किसी विमान के रद होने की सूचना नहीं मिली। एयरपोर्ट से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रतिदिन करीब 48 विमानों का आगमन और प्रस्थान होता है।

एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बुधवार को तूफान के संभावित प्रभाव, यात्रियों की सुरक्षा और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की लगातार मानिटरिंग करते हुए दिखे।

एटीसी को मौसम और दृश्यता पर नजर रखने का निर्देश

एयरपोर्ट प्रबंधन ने एटीसी को मौसम की बदलती स्थिति, हवा की गति और रनवे पर दृश्यता की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। तेज हवा, भारी बारिश या कम दृश्यता की स्थिति में विमान संचालन प्रभावित हो सकता है। ऐसी परिस्थिति में सुरक्षा मानकों के अनुसार विमानन कंपनियां उड़ानों में बदलाव या उन्हें रद करने का निर्णय ले सकती हैं।

विमान रद होने पर यात्रियों को तत्काल देनी होगी सूचना

नागरिक उड्डयन मंत्रालय की एडवाइजरी के तहत विमानन कंपनियों को यात्रियों तक उड़ानों की अद्यतन जानकारी समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। विमान रद होने या प्रस्थान के समय में बदलाव होने पर यात्रियों को मोबाइल संदेश और अन्य माध्यमों से सूचना देनी होगी।

एयरपोर्ट निकलने से पहले जांच लें विमान की स्थिति

यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट रवाना होने से पहले संबंधित विमानन कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल एप पर उड़ान की स्थिति अवश्य जांच लें।

विशेष रूप से दूसरे शहरों से रांची आने वाले और यहां से आगे की यात्रा करने वाले यात्री सतर्क रहें। खराब मौसम के कारण विमान विलंबित, डायवर्ट या रद हो सकते हैं। हालांकि, उड़ान रद होने की अंतिम सूचना संबंधित विमानन कंपनी ही जारी करेगी।