झारखंड में अगले 24 घंटे तक रहेगा 'अर्णब' का असर, रांची समेत कई जिलों में स्कूल बंद; ठंड ने दी दस्तक
चक्रवात अर्णब का असर झारखंड में दिख रहा है, जिससे रांची समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई और ...और पढ़ें

रांची में सुबह चार बजे हुई मूसलधार बारिश तो दिनभर छाए रहे बादल, रूक-रूक कर होते रही बारिश।
HighLights
झारखंड में चक्रवात अर्णब का असर, कई जिलों में बारिश।
रांची में तापमान गिरा, ठंड बढ़ी, स्कूल बंद किए गए।
अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की आशंका, सतर्कता जरूरी।
जागरण संवाददाता, रांची। बंगाल की खाड़ी में उठे अति भीषण चक्रवाती तूफान अर्णब का असर झारखंड में दिखने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बुधवार को रुक-रुक कर बारिश हुई। रांची में बुधवार अहले सुबह करीब चार बजे मूसलधार बारिश हुई। इसके बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे।
कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला रात तक जारी रहा। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में चक्रवात सीधे प्रवेश नहीं कर रहा है, बल्कि आंध्र प्रदेश के तट पर सक्रिय अर्णब का प्रभाव राज्य में देखने को मिल रहा है।
रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में अगले 24 घंटे तक इसका असर रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम 8 बजे से लेकर गुरुवार रात 8 बजे तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
चाईबासा में भारी बारिश, रांची में 2.3 मिमी हुई बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार बुधवार को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश रिकार्ड की गई है। चाईबासा में 13 मिमी, सरायकेला में 6 मिमी, लातेहार में 7.5 मिमी, खूंटी में एक मिमी और बोकारो के एक केंद्र पर 0.5 मिमी बारिश हुई।
पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में 5 मिमी और दारिसाई में 14.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। रांची में 2.3 मिमी, जमशेदपुर में 8.8 मिमी और डालटनगंज में 2 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। वहीं देवघर, कोडरमा, गुमला, दुमका, सिमडेगा और हजारीबाग के संबंधित केंद्रों पर वर्षा दर्ज नहीं की गई।

रांची में पारा 24.2 डिग्री पर पहुंचा, लगने लगी ठंड
बारिश और बादलों के कारण राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। रांची का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। इसे देखते हुए रांची में ठंड महसूस होने लगी है।
लोग गर्म कपड़े पहनना शुरू का चुके है। वहीं मौसम विज्ञानी ने बताया कि चक्रवात के बाद ठंड का असर बढ़ेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।
वहीं लातेहार में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 8.6 डिग्री नीचे है। जमशेदपुर में 28 डिग्री, डालटनगंज में 27.2 डिग्री और चाईबासा में 27 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।
स्कूल बंद, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
झारखंड में तेज हवाओं और बारिश की आशंका को देखते हुए जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर रांची के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
अगले 48 घंटे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने का अनुमान
बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान अर्णब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार दोपहर 2:30 बजे तूफान 7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था।
इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के नरसापुर से लगभग 40 किमी उत्तर-उत्तर-पूर्व, यानम से 40 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम और काकीनाडा से 50 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। मौसम विज्ञानी ने बताया कि चक्रवाती तूफान और रात तक गहरे अवदाब में कमजोर होने की संभावना है।
