CUJ Admission 2026: पीजी की खाली सीटों पर नामांकन का आखिरी मौका, 16 से 23 सितंबर तक करें आवेदन
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी कार्यक्रमों की रिक्त सीटों पर एससी/एसटी विशेष राउंड ...और पढ़ें

सीयूजे में 16 सितंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 28 सितंबर को होगा दस्तावेज सत्यापन।
HighLights
पीजी रिक्त सीटों पर एससी/एसटी विशेष राउंड सह माप-अप राउंड।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 16 से 23 सितंबर तक, शुल्क 29 सितंबर को।
योग्यता परीक्षा अंकों पर प्रवेश, CUET-PG 2025 अभ्यर्थी भी पात्र।
जागरण संवाददाता, रांची। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए एससी/एसटी विशेष राउंड सह माप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा।
यह प्रवेश संबंधित कार्यक्रमों एवं श्रेणियों की डायनेमिक रिक्त सीटों के विरुद्ध होगा, जहां प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हैं। सीयूजे के अनुसार, इस विशेष राउंड में प्रवेश योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर दिया जाएगा। संबंधित योग्यता परीक्षा में स्नातक/स्नातकोत्तर अथवा जहां लागू हो, समकक्ष परीक्षा शामिल होगी।
23 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
विशेष राउंड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 16 सितंबर से शुरू हो गया है और अभ्यर्थी 23 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची 25 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद 28 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक भौतिक दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 29 सितंबर को प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
सीयूजे संबंधित कार्यक्रमों और श्रेणियों में उपलब्ध डायनेमिक रिक्त सीटों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित करेगा। अभ्यर्थियों को पंजीकरण के समय यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन और वैध हों। दस्तावेज सत्यापन के दौरान मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।
किस वर्ग के लिए कितना शुल्क
पंजीकरण/काउंसलिंग शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए 800 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी/एसटी अभ्यर्थियों को 400 रुपये, जबकि दिव्यांगजन एवं सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों को 200 रुपये शुल्क देना होगा। यह शुल्क गैर-वापसी योग्य होगा।
CUET-PG 2025 अभ्यर्थी भी ले सकेंगे भाग
सीयूजे ने स्पष्ट किया है कि सीयूईटी (पीजी) 2025 में शामिल अभ्यर्थी भी संबंधित कार्यक्रम की निर्धारित पात्रता पूरी करने पर इस विशेष राउंड में भाग ले सकते हैं। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा केंद्र सरकार के निर्धारित प्रारूप में जारी वैध आरक्षण प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सुपरन्यूमेरेरी सीटों पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पहले से प्रवेश ले चुके विद्यार्थी नहीं कर सकेंगे आवेदन
सीयूजे के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अपने पसंदीदा कार्यक्रम में पहले से प्रवेश ले चुके विद्यार्थी इस विशेष राउंड में भाग नहीं ले सकेंगे। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑफलाइन प्रवेश के लिए रिपोर्ट करने से पहले संबंधित कार्यक्रम की पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक जांच लें और यह सुनिश्चित करें कि उन्होंने सीयूईटी (पीजी) 2025 में भाग लिया हो अथवा लागू योग्यता परीक्षा उत्तीर्ण की हो।
प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनजानी अथवा प्रक्रियागत त्रुटि पाए जाने पर सीयूजे को प्रवेश में संशोधन, प्रवेश वापसी अथवा प्रवेश रद करने का अधिकार होगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया और नवीनतम सूचनाओं के लिए सीयूजे की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।
