रांची CUJ के भूगोल विभाग के 12 विद्यार्थियों ने लहराया परचम, JRF, NET और PhD में हासिल की सफलता
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (सीयूजे) के भूगोल विभाग के 12 विद्यार्थियों ने यूजीसी जेआरएफ, नेट और पीएचडी परीक्षाओं में शानदार ...और पढ़ें

सीयूजे भूगोल के 12 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफलता पाई।
HighLights
सीयूजे भूगोल के 12 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफलता पाई।
कुंदन पंडित ने जेआरएफ, नौ ने नेट, दो ने पीएचडी उत्तीर्ण की।
जागरण संवाददाता, रांची। सेंट्रल यूनिवर्सिटी आफ झारखंड (सीयूजे) के स्कूल ऑफ नेचुरल रिसोर्स मैनेजमेंट के भूगोल विभाग के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की यूजीसी जेआरएफ, नेट और पीएचडी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर यूनिवर्सिटी का नाम रोशन किया है।
विभाग के कुल 12 विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में सफलता प्राप्त की है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विभाग में खुशी का माहौल है। भूगोल विभाग की ओर से जारी उपलब्धि के अनुसार कुंदन कुमार पंडित ने यूजीसी जेआरएफ परीक्षा में सफलता हासिल की है।
वहीं, प्रीति भगत, भाव्या सिद्धि, स्वाति कुमारी, आफरीन जहां, अभिषेक कुमार, प्रदुम्न पांडेय, सौरभ कुमार, कृति लता थिथियो और खुशी गागराई ने यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अलावा, स्वाति वी. तिग्गा और अर्जुन प्रसाद ने पीएचडी ओनली श्रेणी में सफलता प्राप्त की है। इस तरह विभाग के विद्यार्थियों ने एक साथ जेआरएफ, नेट और पीएचडी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।
कुलपति ने दी बधाई
सीयूजे के कुलपति प्रो. सारंग मेढेकर ने भूगोल विभाग के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास का परिणाम है।
कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की सफलता विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। जेआरएफ और नेट में सफलता विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को दर्शाती है, जबकि पीएचडी के लिए सफलता शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ भूगोल विभाग के शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन देने के लिए सीयूजे निरंतर प्रयासरत है।
मेहनत और लगन का परिणाम
विभाग के विद्यार्थियों की इस सफलता को उनके निरंतर अध्ययन, अनुशासन और मेहनत का परिणाम बताया गया। यूजीसी जेआरएफ में सफलता प्राप्त करने वाले कुंदन कुमार पंडित के लिए यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। जेआरएफ के माध्यम से उन्हें शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
वहीं, नेट उत्तीर्ण करने वाले नौ विद्यार्थियों के लिए यह सफलता उच्च शिक्षा, शिक्षण और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण आधार बनेगी। स्वाति वी. तिग्गा और अर्जुन प्रसाद ने पीएचडी ओनली श्रेणी में सफलता प्राप्त कर शोध के क्षेत्र में अपने अकादमिक सफर को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
भूगोल विभाग की इस सामूहिक उपलब्धि ने विभाग, स्कूल और यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक उत्कृष्टता को भी रेखांकित किया है। विद्यार्थियों की सफलता पर विभाग के शिक्षकों और सहपाठियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।
विभाग ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी। विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सही दिशा में निरंतर प्रयास और समर्पण से सफलता हासिल की जा सकती है।
