मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को नववर्ष की बधाई देने वालों का लगा रहा तांता Ranchi News
मंत्री रामेश्वर उरांव मुख्य सचिव पुलिस महानिदेशक समेत अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर नववर्ष के पहले दिन बुधवार को भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री से मुलाकात का सिलसिला दोपहर बाद आरंभ हुआ। इससे पहले वे खरसावां में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के बाद अधिकारियों के आगमन का सिलसिला आरंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री रामेश्वर उरांव ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रमुख अधिकारियों में मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी, पुलिस महानिदेशक कमल नयन चौबे, अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, केंद्र सरकार मे रसायन उर्वरक विभाग की अपर सचिव अलका तिवारी, जैप के पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा, डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू, वाणिज्य कर विभाग के सचिव प्रशांत कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मिले।
आज रजरप्पा में करेंगे पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को रजरप्पा पहुंचेंगे। इस बार मुख्यमंत्री पद का शपथ लेने के बाद पहली बार उनका रामगढ़ जिला आगमन हो रहा है। वे दोपहर करीब बारह बजे रजरप्पा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पूजा के बाद थोड़ी देर सीसीएल रेस्ट हाउस में विश्राम करने के बाद सीधे रांची के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। सड़क मार्ग से रांची से रजरप्पा आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें-Jharkhand Weather Update: नए साल के जश्न पर मौसम ने फेरा पानी, बढ़ गई ठंड