रांची के पिस्कानगड़ी में हत्या कर शव जंगल में फेंका, जांच में जुटी पुलिस
Jharkhand. गांव वालों की सूचना पर नगड़ी पुलिस बुधवार की शाम सात बजे घटनास्थल पहुंची और शव को उठाकर थाना ले आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
पिस्कानगड़ी (रांची), जासं। राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के केनके गांव निवासी नावेल मुंडा (लगभग 45 वर्ष) की हत्या कर अपराधियों ने शव को जंगल में फेंक दिया। इस संबंध में नावेल की पत्नी सुषमा देवी का कहना है कि मंगलवार की सुबह खाना खाने के बाद होली खेलने नावेल घर से निकला था। इसके बाद दोपहर तीन बजे वापस घर आया। फिर चार बजे घर से निकला। इसके बाद घर नहीं लौटा।
बुधवार की दोपहर में गांव के बगल में स्थित एक जंगल में शव मिलने की सूचना मिली। जाकर देखने पर पता चला कि शव उसके पति का ही है। शव देखने से लगता है कि हत्या मारपीट और गला दबाकर की गई है। गांव वालों की सूचना पर नगड़ी पुलिस बुधवार की शाम सात बजे घटनास्थल पहुंची और शव को उठाकर थाना ले आई। पुलिस ने शव को पोस्टर्माटम के लिए रिम्स भेज दिया है। इधर, गांव वालों का कहना है कि मृतक की जमीन हड़पने की नीयत से हत्या की गई है। मृतक की पत्नी सुषमा देवी ने नगड़ी थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गांव वालों ने पुलिस से जल्द ही अपराधियों को पकड़ने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।