Hazaribagh News: हजारीबाग के नावाटांड़ में अपराधियों ने मुखिया प्रत्याशी को गोली मारी...चुनाव प्रचार कर लाैट रहे थे घर
Jharkhand Crime News मालूम हो कि सुशील महतो को अपराधी गिरोह एनएसपीएम ने गोली मारी है। सुशील महतो संवेदक हैं। वह मुखिया के लिए चुनाव भी लड़ रहे हैं। अपराधियों से उनसे लेवी की मांग की थी। नहीं देने पर उन्हें बुधवार की देर रात गाेली मार दी।
विष्णुगढ़ (हजारीबाग), जागरण संवाददाता। हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के नावाटांड में अपराधी गिरोह न्यू सशस्त्र पीपुल्स मोर्चा (एनएसपीएम) ने संवेदक सुशील कुमार महतो को गोली मार कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकले। मामला लेवी से जुड़ा है। यह घटना बुधवार रात 8 बजे की है।
वोटर बता कर गाड़ी रोकी, उतरते ही मार दी गोली
गोली मारने का आरोप अपराधी गिरोह के सरगना उमेश गिरि एवं उसके दो साथियो पर लगाया है। संवेदक सुशील कुसुम्भा पंचायत से मुखिया पद के प्रत्याशी हैं। वे डूमरडीहा से बैठक कर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में अपाची बाइक पर सवार अपराधियों ने खुद को वोटर बताकर उन्हें गाड़ी रोकने को कहा। गाड़ी रोक कर जब सुशील महतो बाहर निकलने तो अपराधियों ने ताबडतोड़ एक के बाद तीन गोली उन पर चला दी। दो गोली उनके जांघ में लगी।तीसरी गोली माथे को छूते हुए निकल गई।
सुशील महतो खतरे से बाहर, हजारीबाग में भर्ती
घटना का अंजाम देकर अपराधी मौके से भाग निकले। गाड़ी में सवार उनके कार्यकर्ताओ ने उन्हें इलाज के लिए विष्णुगढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। बहरहाल वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। बताते हैं खरना स्थित गांव में तालाब गहरीकरण का कार्य कराने का ठेका सुशील महतो ने लिया है। जिस पर अपराधी गिरोह ने उनसे लेवी की मांग की थी। इसकी शिकायत उन्होंने थाने की पुलिस से की थी। कहा जा रहा कि लेवी नहीं देने के कारण ही अपराधियों ने उन्हें गोली मारी है।
अबतक एक भी अपराधी पुलिस गिरफ्त में नहीं
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अभी तक एक भी अपराधी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। इस घटना को लेकर सुशील महतो के समर्थकों में काफी आक्रोश है। उनके समर्थकों ने कहा है कि अगर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन करेंगे।