By kumar Gaurav Edited By: Aysha Sheikh Published: Sat, 30 Dec 2023 12:37 PM (IST)
Jharkhand News झारखंड में अपराधी बेखौफ होते नजर आ रहे हैं। अपराधियों ने बरियातू थाने से एक किमी की दूरी ...और पढ़ें
जासं, रांची। राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बरियातू थाने से एक किलोमीटर की दूरी पर डाक्टर कालोनी स्थित चांडिल मैदान के पास दो अपराधियों ने रिम्स कर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया। गुरुवार की देर रात घटना को अंजाम दिया गया। गोलीबारी में घायल कर्मी का नाम राजेश मल्लिक है और वह रिम्स में हेडमेट के तौर पर कार्यरत है। गोली कंधे पर लगी है और वह अभी खतरे से बाहर है।
ओरमांझी से लौट रहा था राजेश
बताया जाता है कि राजेश मल्लिक अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रांची के ओरमांझी से बरियातू स्थित घर लौट रहा था। डाक्टर्स कालोनी को पार कर चांडिल मैदान के पास पहुंचने पर घात लगाए दो अपराधियों ने पीछे से उस पर गोली चला दी। घायल राजेश को रिम्स ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पुलिस को शुक्रवार को मिली। बरियातू थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
अपराधी पकड़ से बाहर
पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। बरियातू थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक अनुसंधान में इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि राजेश को किसने और क्यों गोली मारी है। यह भी बात सामने नहीं आ पाई है कि राजेश की किसी से दुश्मनी थी। जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।