क्रिमिनल केस में सांसदों और विधायकों के खिलाफ अब स्पेशल कोर्ट में होगी सुनवाई
झारखंड हाई कोर्ट के आदेश से रांची एवं धनबाद में विशेष अदालत का गठन किया गया है। रांची में अपर न्यायायुक्त दिनेश कुमार धनबाद में अपर न्यायायुक्त अखिलेश कुमार की विशेष अदालत बनी है।
रांची, जासं। झारखंड के सांसदों व विधायकों से जुड़े आपराधिक मामले में त्वरित सुनवाई के लिए विशेष कोर्ट का गठन किया गया है। झारखंड हाई कोर्ट के आदेश से रांची एवं धनबाद में विशेष अदालत का गठन किया गया है। रांची में अपर न्यायायुक्त दिनेश कुमार और धनबाद में अपर न्यायायुक्त अखिलेश कुमार की विशेष अदालत में माननीय से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी।
अपर न्यायायुक्त दिनेश कुमार की अदालत में 13 जिलों के एमपी-एमएलए से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई होगी, जबकि धनबाद में 11 जिलों के एमपी-एमएलए से संबंधित मामले निपटाए जाएंगे। हाई कोर्ट ने राज्य की विभिन्न अदालतों में चल रहे एमपी-एमएलए से जुड़े आपराधिक मामलों को स्पेशल कोर्ट में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है।
बताते चलें कि प्रदेश के 81 में से 39 विधायक व पूर्व विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों शामिल हैं। कई विधायकों पर गंभीर अपराध में लिप्त रहने का भी आरोप है। स्पीडी ट्रायल होने से केस का जल्द निपटारा होगा।