Crime Roundup Jharkhand: पानी से लेकर सड़क तक बिगड़ा संतुलन और चली गई कईयों की जान, 8 ट्रक भी गंगा में समाए
Crime Roundup Jharkhand गढ़वा में तो अजीबो-गरीब घटना हुई। यहां शहर के डीएफओ आवास के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर एक तेज रफ्तार चेसिस से गिरकर उसका चालक पहिया के नीचे आ गया। उसके बाद एक महिला भी चपेट में आ गई।
रांची, राज्य ब्यूरो। कहा जाता है कि जिंदगी में संतुलन नहीं हो तो नुकसान कोई नहीं रोक सकता है। विगत 24 घंटे के भीतर संतुलन के बिगड़ने से कइयों की जान चली गई। यह संतुलन सिर्फ एक स्थान पर नहीं, बल्कि पानी से लेकर सड़क तक बिगड़ा। इसी संतुलन का बिगड़ना जान का दुश्मन बन बैठा। साहिबगंज जिले के राजमहल स्थित गंगा नदी के गुदारा घाट से स्टोन चिप्स लदे ट्रकों को लेकर जा रही जहाज का संतुलन बिगड़ने से आठ ट्रक गंगा में समा गए।
रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के सोंस-बेतलंगी मार्ग में खूंटीटोली के नजदीक एक ट्रैक्टर असंतुलित होकर ट्राली सहित कुएं में गिर गया। गढ़वा में तो अजीबो-गरीब घटना घटी। यहां शहर के डीएफओ आवास के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर एक तेज रफ्तार चेसिस से गिरकर उसका चालक पहिया के नीचे आ गया इसके बाद बिना चालक की चेसिस ने सामने जा रही एक महिला को भी अपनी चपेट में ले लिया। चालक व उस महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
चतरा के टंडवा में एक गाय सड़क पर आ जाने से तेज रफ्तार ऑटो असंतुलित होकर पलट गया, जिससे एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक महिला सहित दो यात्री घायल हो गए। पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर रेल मंडल में दो मालगाड़ियां ट्रैक पर दो बार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इन घटनाओं से इतर भी अन्य दूसरी घटनाएं व आपराधिक वारदातें सुर्खियां बनीं।
राजधानी रांची में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू बस्ती में दारू पीने-पिलाने के दौरान एक भतीजे ने अपने चाचा को अबे क्या बोल दिया, उसने गुस्से में आकर गोली चला दी। इस घटना में भतीजा जख्मी है और रिम्स में इलाजरत है। रांची के ही लालपुर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक से छत्तीसगढ़ के मजदूर का शव मिलना सनसनी बनी तो रांची शहर में ही एक-दूसरी पत्नी से अपनी शादी की बात छुपाकर आठ शादी करने का मामला दिनभर सुर्खियां बनी।