ये आया छह और गई तुम्हारी गोटी... लॉकडाउन के बहाने घर-घर में लौट आया लूडो Coronavirus Lockdown
Ludo Coronavirus चेन्नई में रह रही रेशमा बता रही है कि फिलहाल घर पर पापा मम्मी तथा भाइयों के साथ ऑनलाइन लूडो खेल रही हूं। खेलते वक्त ऐसा कभी नहीं लगता कि घर से इतनी दूर हूं।
रांची, [संजय झा]। Ludo Coronavirus तेज दौड़ती जिंदगी की रफ्तार क्या थमी पारंपरिक खेलों की तो जैसे चल पड़ी। लॉकडाउन में लोगों को वक्त काटना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लूडो उनका खूब साथ दे रहा। निराशा और बोरियत भरे समय में यह खेल ऊर्जा का संचार कर रहा। वक्त के साथ लूडो कागज और प्लास्टिक के बोर्ड का सफर तय कर मोबाइल और लैपटॉप तक जा पहुंचा है। लाल, पीले, नीले तथा हरे रंग की वर्चुअल गोटियों के सभी दीवाने हैं। घर की चारदीवारी में परिवार के साथ तो देश दुनिया में बैठे अपने परिजनों के संग ऑनलाइन लूडो हर जगह खेला जा रहा। फिर चाहे सुदूर गांव की गलियां हो या महानगरों के बड़े-बड़े अपार्टमेंट। लूडो किंग, लूडो स्टार, लूडो क्लब जैसे एप ने इस खेल को बच्चों में तो लोकप्रिय बनाया ही है, बड़े-बूढ़े भी इसे खेल अपने बचपन में पहुंच जा रहे। ये आया छक्का, ये कटी गोटी... मेरी गोटी लाल हुई और मैं जीता जैसी बातें निराशा के समय में उत्साह का संचार कर रही।
लूडो का राजा है लूडो किंग
यूं तो प्ले स्टोर पर लूडो के कई एप्लिकेशन मौजूद हैं मगर उन सभी में सबसे अधिक पॉपुलर एप लूडो किंग है। लूडो किंग को अब तक 350 मिलियन से भी अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। मतलब 35 करोड़ से ज्यादा लोग सिर्फ लूडो किंग खेलते हैं। इससे इसकी प्रसिद्धि का अंदाजा लगाया जा सकता है। जनवरी 2016 में लांच हुए लूडो किंग को पटना के विकास जायसवाल ने डेवलप किया है। लूडो किंग के फेमस होने के पीछे की मुख्य वजह इसका प्लेयर फ्रेंडली होना है। लूडो किंग को एकसाथ छह लोगों के साथ खेला जा सकता है। लूडो किंग दक्षिण एशिया के अलावा ब्राजील, सूडान, अमेरिका आदि देशों में भी बेहद लोकप्रिय है।
पाकिस्तान में खूब खेला जा रहा लूडो स्टार 2
भारत में लूडो का दूसरा सबसे पॉपुलर गेम लूडो स्टार 2 है। यह लूडो किंग की तरह ही बेहद दिलचस्प है। इस गेम की खासियत इसमें ऐरो फीचर होना है। जैसे भारत में लूडो किंग बेहद पॉपुलर है, ठीक वैसे ही पाकिस्तान में लूडो स्टार 2 खूब खेला जाता है। झारखंड के रामगढ़ जिले के अफसार अहमद ने इसे डेवलप किया है। 30 वर्षीय अफसार ने लूडो स्टार को मार्च 2017 में डेवलप किया था। लूडो स्टार अपग्रेड होकर लूडो स्टार 2 के रूप में पाकिस्तान के अलावा अफगानिस्तान, सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया आदि देशों में खूब खेला जा रहा है।
लूडो किंग मेरा पसंदीदा खेल है। समय के कारण मैं इसे खेल नहीं पाती थी लेकिन अब लॉकडाउन में यह वक्त गुजारने का अच्छा जरिया बन चुका है। सौम्या कुमारी, हिनू।
मैं अभी चेन्नई में जॉब कर रही हूं। फिलहाल घर पर पापा, मम्मी तथा भाइयों के साथ ऑनलाइन लूडो खेल रही हूं। खेलते वक्त ऐसा कभी नहीं लगता कि घर से इतनी दूर हूं। रेशमा कुमारी, चेन्नई।