कांग्रेस बोली, रैंकिंग के आंकड़े फर्जी; चेहरा चमका रही रघुवर सरकार
कांग्रेस ने झारखंड की बीजेपी सरकार पर कंसल्टेंट कंपनी के जरिये जनता को भ्रमित करने का अारोप लगाया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में भाजपा सरकार गरीब जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग कर सीएम का चेहरा चमकाने में लगी है। यह आरोप लगाते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि जनता के आंखों में धूल झोंकने के लिए फर्जी रैंकिंग के आंकड़े पेश किए जा रहे हैं। तीन दिनों पहले झारखंड को इंडस्ट्रियल पार्क के मामले में मिली रैंकिंग इसका उदाहरण है।
ऊंचे दामों में कंसलटेंट कंपनी बहाल कर जनता को भ्रमित करने के लिए आंकड़े तैयार किए जा रहे हैं। झारखंड चैंबर ने सरकार के दावों की पोल खोलकर रख दी है। झारखंड ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, गुजरात जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिया है और यह शायद ही कोई विश्वास कर सके। कंसल्टेंट कंपनी रैंकिंग मैनेजमेंट में ऊपर दिखाकर निवेशकों को भ्रमित कर रही है। टाटीसिल्वे इंडस्ट्रियल एरिया को पांचवां स्थान देना हास्यास्पद है।