राफेल जांच प्रभावित करने के लिए सरकार ने सीबीआइ को किया हाईजैक : कांग्रेस
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार सिंह की अगुआई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। संवैधानिक संस्थाओं को पूरी आजादी देने की मांग की गई।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य मुख्यालय में प्रदेश भर से जुटे कांग्रेसियों ने सीबीआइ कार्यालय का घेराव किया और जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राफेल जांच प्रभावित करने के लिए पूरे सिस्टम को हाईजैक कर लिया गया है। यहां तक कहा गया कि आम जनता की गाढ़ी कमाई एक व्यक्ति की जेब में डाल दिया गया है। घेराव कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार मौजूद थे।
युवा कांग्रेसियों के नेतृत्व में आयोजित घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अजय कुमार ने कहा कि इस प्रकरण की जांच सीबीआइ कर रही थी, जिसे प्रभावित करने के लिए सीबीआइ निदेशक का तबादला कर दिया गया। इससे स्पष्ट है कि सीबीआइ जांच को प्रभावित करने की कोशिश चल रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि यूपीए सरकार में सीबीआइ जैसी संस्थाओं को पूर्ण स्वतंत्रता दी गई थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। आज सीबीआइ पर लोगों का विश्वास डिग रहा है।
कांग्रेस इस खेल को जनता तक पहुंचाएगी। युवा प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। प्रमुख वक्ताओं में डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, विधायक गीता कोड़ा, डॉ. इरफान अंसारी, देवेंद्रनाथ चांपिया, केशव महतो कमलेश, मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, संजय पांडेय, रणविजय सिंह, ज्योति, राजेश गुप्ता, ज्योति मथारू आदि रहे। इस दौरान अजयनाथ शाहदेव, आदित्य विक्रम जायसवाल, शहजादा अनवर, पंकज तिवारी, कमाल शहजादा, अभिनव सिद्धार्थ, श्वेता सिंह आदि सक्रिय रहे।