झारखंड में कांग्रेस के अंदर क्या चल रहा? विधायक और मंत्रियों को ट्रैक पर लाने के लिए पार्टी करने जा रही ये काम
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू अपने अगले दौरे में पार्टी नेताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाएंगे। हाल ही में पार्टी के पदाधिकारियों विधायकों और मंत्रियों ने अनुशासन तोड़ा है। एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी और कटुता आम हो गई है। के. राजू 25 मार्च से पांच दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे हैं और अनुशासन के मसले पर गंभीर निर्णय ले सकते हैं।
राज्य ब्यूरो, रांची। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू अपने अगले दौरे में प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दे सकते हैं।
हाल के दिनों में पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा विधायकाें एवं मंत्रियों ने भी कई बाद सदन के अंदर और बाहर अनुशासन को तोड़ा है।
एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी आम बात हो गई है तो नेताओं के बीच कटुता सरेआम दिखने लगी है। कांग्रेस में विधायकों और मंत्रियों के बीच कई गुट पनप रहे हैं।
टीम झारखंड को मिल चुका है यह संकेत
ऐसी तमाम शिकायतें केंद्रीय टीम तक पहुंची है और माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अगले दौरे के क्रम में अनुशासन के मसले पर गंभीर निर्णय ले सकते हैं। उनकी ओर से ऐसा संकेत टीम झारखंड को मिल चुका है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू 25 मार्च को पांच दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंच रहे हैं। इस दौरे के क्रम में वे पार्टी के अंदरूनी मामलों के साथ-साथ अनुशासन के मामलों को भी देखेंगे।
इतना ही नहीं, उन्होंने पुरानी टीम के सभी नेताओं को भी बैठक के लिए बुलाया है और उनसे फीडबैक भी लिया जाएगा। फीडबैक निश्चित तौर पर पार्टी में अनुशासन को और भी सख्त बनाने के लिए इस्तेमाल में लाया जाएगा।
सीनियर नेताओं को पाठ पढ़ाना चाहती है कांग्रेस
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं पार्टी के पूर्व विधायकों, मंत्रियों और संगठन में रह चुके सीनियर नेताओं के माध्यम से कांग्रेस जमीनी स्तर तक अनुशासन का पाठ पढ़ाना चाहती है।
के.राजू स्वयं सेवानिवृत्त आइएएस रह चुके हैं और उन्हें अनुशासन को लेकर बहुत ही सख्त माना जाता है। ऐसे में देखने की बात होगी कि पार्टी को एक सूत्र में पिरोने के लिए वे क्या कदम उठाते हैं।
पार्टी के पूर्व अध्यक्षों, पूर्व कार्यकारी अध्यक्षों आदि के साथ अलग-अलग बैठकों की तैयारी भी इसी क्रम में की गई है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की बैठक दिल्ली में चार को
- झारखंड कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों की बैठक 04 अप्रैल 2025 इंदिरा भवन नई दिल्ली में होगी। इस बैठक में संगठनात्मक मामलों पर चर्चा की जाएगी।
- बैठक को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी संबोधित करेंगे। इसकी जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दी है।
हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी युवा कांग्रेस : प्रेमेन्द्र कुमार मिश्रा
खरसावां में जिला युवा कांग्रेस दोपहिया वाहन चलाते समय लोगों को हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी। उक्त बातें जिला युवा कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष प्रेमेन्द्र कुमार मिश्रा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।
उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जा रहे हेलमेट चेकिंग अभियान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की सख्ती से दो पहिया वाहन चलाने वाले आम लोगों के बीच भय का माहौल बन गया है।
प्रशासन द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जा रहा है। जुर्माना से बचने के लिए लोग वाहन जांच दल को देखकर भागने लगते हैं और कभी कभार दुर्घटना के भी शिकार हो जाते हैं।
उन्होंने कहा की जिला युवा कांग्रेस कमिटी जल्द अभियान चलाएगा।जिसके माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने और अपने वाहन के कागजात को दुरुस्त रखने को लेकर जागरूक करेगा। मिश्रा ने प्रशासन से भी दो पहिया वाहन चालकों पर अधिक सख्ती न बरतने की अपील की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।