कांग्रेस ने महाराष्ट्र-हरियाणा चुनाव परिणाम को बताया उत्साहवर्द्धक Political Updates
Jharkhand. कांग्रेस प्रवक्ताओं ने कहा कि भले ही कांग्रेस पराजित हुई हो लेकिन उत्साह इस बात का है कि भाजपा को दोनों राज्यों की जनता ने ठुकरा दिया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने हरियाणा और महाराष्ट्र के परिणाम को उत्साहवर्द्धक करार दिया है। प्रवक्ताओं ने कहा कि भले ही कांग्रेस पराजित हुई हो, लेकिन उत्साह इस बात का है कि भाजपा को दोनों राज्यों की जनता ने ठुकरा दिया है। चुनाव विश्लेषकों, पंडितों एवं एक्जिट पोल को जनता ने अस्वीकार कर दिया है।
सबसे बड़ी बात इस जनादेश में यह भी है कि राष्ट्रवाद एवं थोपे हुए मुद्दे भी नकार दिए गए हैं। अन्य प्रदेशों के चुनावों में स्थानीय मुद्दे फिर से प्रभावकारी साबित होंगे। झारखंड के संदर्भ में भी यह संकेत साफ है कि महागठबंधन अगर कड़ी मेहनत, लगन, ईमानदारी व उदारता के साथ गठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाने में साझा कार्यक्रम और साझा घोषणा पत्र के साथ काम किया गया तो भाजपा की हार निश्चित है।
जनता ने विकास के खोखले दावों की हवा निकाली : कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम से उत्साहित होकर कहा है कि जनता ने विकास के खोखले दावों की हवा निकाल दी है। दोनों राज्यों में भाजपा को उम्मीद से कहीं कम सीटें मिली हैं। उरांव ने इन राज्यों के कांग्रेस नेताओं को बधाई दी है और इसे कड़ी मेहनत का परिणाम करार दिया है। उरांव ने कहा कि भाजपा के बड़े नेताओं ने उम्मीदों को धो कर रख दिया है। दोनों प्रदेशों के चुनाव में स्थानीय मुद्दे हावी रहे हैं।
भाजपा सरकार पांच सालों में युवाओं को न रोजगार दे सकी और न ही महिलाओं को सुरक्षा प्रदान कर सकी। किसानों को उनके मेहनत के मुताबिक सरकार द्वारा किसी तरह का कोई लाभ नहीं पहुंचाया गया। उरांव ने कहा कि इस चुनाव के नतीजे से साफ झलक रहा है कि झारखंड के विधानसभा चुनाव में स्थानीय मुद्दे हावी रहेंगे। रघुवर सरकार ने जो वादा राज्य की जनता से किया, उसे निभाया नहीं। इनका भी ऐसा ही हश्र होगा।