Jharkhand Road Accident: रामगढ़ के गोला में टेंपो पलटा, एक की मौत-दो घायल; बोकारो से रजरप्पा मंदिर आ रहे थे श्रद्धालु
Jharkhand Road Accident झरियागढ़ा में बुधवार को अनियंत्रित होकर एक टेंपो पलट गया। टेंपो में सवार एक एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
रामगढ़, जासं। Jharkhand Road Accident झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के मुरपा झरियागढ़ा में बुधवार को एक टेंपो पलट जाने से उसपर सवार बोकारो निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। टेंपो में सवार परिवार एक बच्चे के मुंडन समारोह में शामिल होने रजरप्पा जा रहा था।
बताया जाता है कि बोकारो के कसमार थाना क्षेत्र के मधुकरपुर निवासी नकुल महतो, बोकारो के ही बारपोखर स्थित अपने ससुराल से मां छिन्न्मस्तिके मंदिर रजरप्पा में पोते के मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गोला के मुरपा झरियागढ़ा में तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें नकुल महतो टेंपो के नीचे बुरी तरह से दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
टेंपो पलटने के बाद बच्चों की चीख पुकार से आसपास के लोग जमा हो गए और सभी घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गोला थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर नकुल महतो के शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है।