Lok Sabha Polls 2019: बीहड़ में पैदल चले सीएम रघुवर दास, जानिए क्या है मामला
Lok Sabha Polls 2019. मुख्यमंत्री रघुवर दास को शनिवार को सड़क मार्ग से डालटनगंज से रांची वापस लौटना पड़ा। इस क्रम में उनकी गाड़ी लातेहार के मनिका के करीब पंक्चर हो गई।
रांची, राज्य ब्यूरो। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री रघुवर दास को शनिवार को सड़क मार्ग से डालटनगंज से रांची वापस लौटना पड़ा। इस क्रम में उनकी गाड़ी लातेहार के मनिका के करीब पंक्चर हो गई। जबतक वैकल्पिक गाड़ी की व्यवस्था होती, मुख्यमंत्री वहां से पैदल ही आगे बढ़ गए। घने जंगल को पार करने के बाद वे मनिका बाजार पहुंचे। वहां मौजूद लोग उन्हें देख आश्चर्यचकित रह गए।
उन्होंने यकीन नहीं हो रहा था कि मुख्यमंत्री रघुवर दास उनके बीच हैं। मुख्यमंत्री ने वहां लोगों से मुलाकात की और वहां ठेले से लेकर आलूचाप का आनंद उठाया। चाय की चुस्की भी ली और लोगों से कहा कि वे लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। मुख्यमंत्री के साथ रांची लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी संजय सेठ, भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, बालमुकुंद सहाय भी थे।
स्थानीय विधायक हरिकृष्ण सिंह को जब इसकी जानकारी मिली तो वे आनन-फानन में बाइक से वहां पहुंचे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को पलामू से भाजपा के प्रत्याशी बीडी राम के नामांकन पत्र दाखिल करने को लेकर हुए समारोह में भाग लेने गए थे। वहां से उन्हें हेलीकॉप्टर से देवघर जाना था लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग से रांची के लिए प्रस्थान किया।