अमित शाह से मिले रघुवर दास, बंद कमरे में एक घंटे तक मंथन
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान सत्ता व संगठन के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और उनके द्वारा सौंपे गए टास्कों की जानकारी अमित शाह को दी।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात को आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच लगभग एक घंटे तक चर्चा हुई। हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई इसका जानकारी नहीं मिल सकी है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान सत्ता व संगठन के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी शाह को दी। संगठन के स्तर पर शाह द्वारा पिछले दौरे में सौंपे गए टास्क के बारे में भी सीएम ने जानकारी दी। केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति और इसके लाभान्वित लोगों का ब्योरा भी सीएम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को मुहैया कराया।
उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी चुनाव के लिए हर वक्त तैयार है। कार्यकर्ताओं से संवाद का सिलसिला लगातार चल रहा है। पार्टी का प्रमंडलीय सम्मेलन समाप्त हो चुका है। वे स्वयं हर जिले में कार्यकर्ताओं से संवाद कर फीडबैक लेते हैं। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को भी कार्यकर्ता धरातल पर उतारने में जुटे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री शाम पांच बजे रांची वापस लौट आए।