CM रघुवर दास बोले, हिसाब मांगने वाले बताएं कि 55 सालों में उन्होंने क्या किया
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने छत्तीसगढ़ में कई जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और वर्तमान सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को छत्तीसगढ़ में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने दुर्ग व रायपुर में चार चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। साजा विधानसभा के परपोड़ी और बड़े पुरदा, सारंगढ़ विधानसभा के बरमकेला और कुरुद विधानसभा में चुनावी सभाएं की।
अपने संबोधन के क्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्र व छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों को जनता से साझा किया और कांग्रेस पर निशाना साधा।
कहा, कांग्रेस आज नोटबंदी-नोटबंदी चिल्ला रही है। दरअसल, वही लोग चिल्ला रहे हैं जिन्होंने 55 सालों में देश को लूटा। नोट जमा किए और वो नोट 8 नवंबर को कागज का टुकड़ा हो गए। कहा, नोटबंदी हुई और जो पैसा सरेंडर हुआ उससे आज विकास कार्य हो रहे हैं। गरीब बहनों को एलपीजी मिल रहा है। कहा, कांग्रेस आज कहती है कि हम विकास करेंगे। अगर कांग्रेस ने विकास किया होता तो छत्तीसगढ़ की जनता अलग राज्य की मांग नहीं करती।
कांग्रेस आज जो नरेंद्र मोदी और रमन सिंह से हिसाब मांग रही है उससे मैं पूछना चाहता हूं कि आपने पिछले 55 सालों में क्या किया? कहा, हमारी सरकार तो हर साल जवाब देती है, चाहे वह केंद्र की सरकार हो या राज्य की सरकार हो। मोदी सरकार पारदर्शी सरकार है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों की भी चर्चा की। कहा, छत्तीसगढ़ में पिछले 15 सालों में जो विकास हुआ है, उसे और आगे लेकर जाना है।
हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि डबल इंजन का बहुत फायदा होता है। आज दिल्ली में नरेंद्र मोदी की सरकार है और यहां रमन सिंह की, जिसका जनता को लगातार फायदा मिल रहा है। देश की जनता ने ही एक गरीब मां के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाया है और इसीलिए वो देश की जनता के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।