यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हेमंत सोरेन ने लांच की झारखंड खेल नीति, खिलाड़ियों को छह हजार रुपये छात्रवृत्ति, 10 हजार पेंशन
Jharkhand Khel Niti 2022 झारखंड सरकार ने खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए झारखंड खेल नीति लांच कर दिया ...और पढ़ें

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Sports Policy 2022 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड खेल नीति-2022 का लोकार्पण किया। नई खेल नीति वर्ष पांच साल के लिए लागू होगी। इससे पहले राज्य में वर्ष 2007 में लागू हुई थी। नई नीति में खिलाड़ियों को छह हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति, पूर्व खिलाड़ियों को 10 हजार रुपये तक मासिक पेंशन, खेल प्रशिक्षकों को 10 लाख रुपये तक की सम्मान राशि का प्रविधान किया गया है।
खेल पुरस्कार योजना की होगी शुरूआत
राज्य में खिलाड़ियों के लिए जयपाल सिंह मुंडा खेल पुरस्कार तथा खेल प्रशिक्षकों के लिए झारखंड खेल पुरस्कार योजना की शुरुआत होगी। खिलाड़ियों के कल्याण के लिए झारखंड स्पोर्ट्स डवलपमेंट फंड का गठन होगा। खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए खोज प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
सरकारी स्कूल में बहाल होंगे खेल शिक्षक
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों में खेल शिक्षकों की बहाली करेगी। इसमें खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इन्हें सम्मान के रूप में 15 हजार से लेकर 10 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी गई। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही विभाग के पदाधिकारियों को न्यूनतम राशि 50 हजार रुपये करने के निर्देश दिए।
निजी क्षेत्रों से भी निवेश करने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स पॉलिसी में खिलाड़ी ही नहीं, प्रशिक्षकों और खेल संघों के लिए भी विभिन्न प्रावधान किए गए हैं। निजी क्षेत्रों से भी आह्वान है आगे आये, निवेश करें। सभी वर्गों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे तभी राज्य में खेल का समग्र वातावरण बनेगा, हमारा युवा आगे बढ़ेगा।
