पहले दिन से ही एक्शन में है नई सरकार, शिकायतों का फौरी समाधान कर रहे CM हेमंत; अफसर रेसधिकारी हुए रेस
सरकार से बढ़ीं लोगों की उम्मीदें तो सीएम हेमंत सोरेन के पास बड़ी संख्या में फरियादी पहुंच रहे हैं। पुराने मामले तेजी से निपटाए जा रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। सरकार की कमान संभालते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार आ रही शिकायतों का फौरी समाधान कर रहे हैैं। जितनी तेजी से उनके पास समस्याएं आ रही हैं, उसी रफ्तार से उनके स्तर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किया जा रहा है। बदले हालात में अधिकारी भी ज्यादा सतर्क हो चले हैैं और समाधान कर तुरंत उन्हें रिपोर्ट रहे हैैं। शिकायतों के त्वरित समाधान से लोगों को सुखद अहसास स्वाभाविक है।
धनबाद में अवैध खनन और वसूली पर पुलिस को फटकार
शुक्रवार को धनबाद पुलिस के खिलाफ अवैध खनन को प्रश्रय देने की शिकायत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया। दरअसल ट्विटर पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दावा किया गया कि जोड़ापोखर थाने के थानेदार का बॉडीगार्ड अवैध खनन करने वालों से अवैध वसूली कर रहा है। शिकायतकर्ता धनंजय मंडल ने इसे सीएम को टैग करते हुए लिखा कि इसपर कार्रवाई की जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल धनबाद के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस उक्त बॉडीगार्ड पर कार्रवाई में जुट गई है।
हाईटेंशन तार से दुर्घटना की शिकायत पर कोडरमा जिला प्रशासन रेस
मुख्यमंत्री को कोडरमा से शिकायत मिली कि चंदवारा में 11000 वोल्ट की क्षमता वाला तार लटक रहा है। इससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई और एक महिला बुरी तरह झुलस गई। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई और जांच कराने की मांग की। इसके बाद तत्काल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोडरमा के उपायुक्त को इस समस्या के समाधान का आदेश दिया। कोडरमा के उपायुक्त ने तत्काल इसपर कार्रवाई करते हुए जांच कमेटी गठित की। उन्होंने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राज्यपाल से मिले हेमंत, साथ में पत्नी कल्पना सोरेन भी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। साथ में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। इस क्रम में कल्पना ने राज्यपाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री सचिवालय ने इस मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया है।