Weather Alert: झारखंड में दो दिनों तक छाए रहेंगे बादल, इन जिलों में बारिश-वज्रपात
Rain in Jharkhand. आगामी चार दिनों तक राज्य के दक्षिणी पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ तेज हवा व वज्रपात होने की संभावना है।
रांची, जासं। रविवार को चिचिलाती धूप व तन को झुलसा देने वाली गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। दोपहर बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जबकि दोपहर बाद बादलों के बीच सूर्य की लुकाछिपी का खेल शुरू हो गया। इस दौरान बारिश की कुछ बूंदें भी गिरी, लेकिन लोगों को इससे राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने रविवार को अधिकतम तापमान 40.6 व न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया।
शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 40.7 व न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। रविवार को सामान्य तापमान की अपेक्षा रांची का अधिकतम तापमान 4.0 व न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक एसडी कोटाल ने बताया कि फिलहाल पूर्वी बिहार व उसके सीमावर्ती क्षेत्रों में समुद्रतल से ऊपर 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर है। साथ ही इस सिस्टम से जुड़ा एक टर्फलाइन समुद्रतल से ऊपर 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में पूर्वी विदर्भ तक स्थित है।
अगले दो दिनों तक आसमान में छाए रहेंगे आंशिक बादल
मौसम पूर्वानुमान के तहत एसडी कोटाल ने बताया कि आगामी दो दिनों तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 व 16 मई को बादल गरजने की संभावना है। उन्होंने बताया कि आगामी चार दिनों तक राज्य के दक्षिणी, पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ तेज हवा व वज्रपात होने की संभावना है। सोमवार को राज्य के दक्षिणी व पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 14, 15 व 16 मई को राज्य के दक्षिणी व उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होगी।
रविवार का तापमान (डिसे. में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
रांची 40.6 26.2
कांके 38.4 22.9
जमशेदपुर 37.0 26.4
मेदिनीनगर 43.6 27.8
बोकारो 41.6 24.7
पाकुड़ 43.0 28.7
दुमका 42.2 26.8
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप