Lockdown: केबल टीवी पर चल रही क्लास, 50 हजार बच्चों ने हंसते-खेलते कर ली पढ़ाई
Lockdown. कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लॉकडाउन किया गया। स्कूल कॉलेज बंद हो गए। ऐसे में गिरिडीह के सरकारी और निजी स्कूलों के शिक्षक एक मंच पर आए।
गिरिडीह, [ज्ञान ज्योति]। Lockdown आपने मोबाइल या कंप्यूटर पर ऑनलाइन कक्षा की बात सुनी होगी। पर, झारखंड के गिरिडीह में लॉकडाउन में फंसे बच्चों की पढ़ाई के लिए अनूठा प्रयोग हुआ है, यहां केबल टीवी पर कक्षाएं लग रही हैं। चौंक गए ना, पर यह हकीकत है, यहां बच्चे मन लगाकर अपना पाठ पूरा कर रहे हैं। पूरे लगने से तालीम ले रहे हैं। यहां बच्चों को शिक्षा देने के लिए न सिर्फ सरकारी विद्यालय बल्कि निजी स्कूलों के शिक्षक भी शिद्दत से जुटे हैं। करीब 60 शिक्षकों के ग्रुप ने केबल टीवी के जरिये बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा उठा रखा है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लॉकडाउन किया गया। स्कूल-कॉलेज बंद हो गए। ऐसे में गिरिडीह के सरकारी और निजी स्कूलों के शिक्षक एक मंच पर आए हैं। कक्षा 9 से 12 तक के 50 हजार बच्चों को टीवी के माध्यम से शिक्षा देने की शुरुआत की गई है। शिक्षक-शिक्षिकाएं विभिन्न विषयों की पढ़ाई कराते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग करते हैं। इसे यहां के लोकल केबल टीवी पर प्रसारित किया जाता है। इस नेक काम का मकसद एक कि किसी सूरत में मेधावी बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हो।
... और शुरू हो गईं कक्षाएं
सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की पहल पर जिले में केबल टीवी पर शिक्षण की राह प्रशस्त हुई। करीब एक माह से ये कक्षाएं चल रही हैं। शिक्षक कार्ययोजना बनाकर विषय विशेष के संबंधित अभ्यास को पढ़ाने की रिकॉर्डिंग करते हैं। यह रिकॉर्डिंग गिरिडीह के सीसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में होती है। इसके बाद इसका केबल टीवी पर प्रसारण किया जाता है।
60 शिक्षकों की टीम कर रही काम
इस कार्य के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की एक टीम बनाई गई है। इसमें 40 सरकारी और 20 प्राइवेट विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं हैं। झारखंड बोर्ड और सीबीएसई के करीब 50000 छात्र-छात्राएं इस प्रकार पढ़ाई का लाभ ले रहे हैं।
एनआइसी की वेबसाइट पर लोड होते वीडियो
गिरिडीह के डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने निर्देश के बाद शिक्षण के ये सभी वीडियो नेशनल इन्फॉर्मेशन वेबसाइट पर भी अपलोड किए गए हैं। सीसीएल डीएवी स्कूल के प्राचार्य डॉ. बीपी राय और सर जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय के शिक्षक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा को कोऑॢडनेटर बनाया गया है। मुन्ना प्रसाद ने बताया कि लॉकडाउन में बच्चों की पढ़ाई की सभी को चिंता थी। ऐसे में यह पहल सार्थक हो गई। झारखंड में गिरिडीह पहला जिला है, जहां केबल टीवी से पठन-पाठन हो रहा है।
'टीवी पर पढ़ाई निश्चित रूप से हमारे लिए लाभकारी साबित हुई है। इसके सहारे हम अपना पाठ्यक्रम पूरा कर रहे हैं।' साकेत मौर्य, कक्षा 10, सीसीएल डीएवी स्कूल, गिरिडीह।
'कभी सोचा नहीं था कि टीवी के माध्यम से पढ़ाई करेंगे। घर बैठे पढ़ाई कर रहे हैं, इससे काफी लाभ हो रहा है।' सिमरन ज्योति, कक्षा 12, प्लस टू विद्यालय गिरिडीह।