छत्तीसगढ़ के वॉलीबॉल कोच और मंत्री ताम्रध्वज के बेटे हर्ष साहू को रांची में मैच के दौरान हार्ट अटैक
छत्तीसगढ़ के मंत्री ताम्रध्वज साहू के पुत्र हर्ष को रांची के मेडिका में भर्ती कराया गया है। बेटे की तबीयत बिगड़ने के बाद देर शाम ताम्रध्वज भी सपरिवार रांची पहुंच गए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड की राजधानी रांची में चल रही राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कोच की हैसियत से पहुंचे हर्ष साहू को शनिवार शाम मैच के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ गया। आनन-फानन में साथी उन्हें लेकर मेडिका अस्पताल पहुंचे। यहां ऑपरेशन के बाद उन्हें स्टेंट लगाया गया है। हर्ष छत्तीसगढ़ के मंत्री ताम्रध्वज साहू के पुत्र हैं। देर शाम लगभग साढ़े आठ बजे ताम्रध्वज साहू भी विशेष विमान से सपरिवार रांची पहुंच गए हैं। उन्होंने आते ही अपने बेटे को अस्पताल में जाकर देखा।
डॉक्टरों ने उन्हें पांच दिन तक देखरेख में रखने की बात कही है। इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कांग्रेस नेताओं से संपर्क कर हर्ष का हाल पूछा और उन्हें बेहतर से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। मेडिका अस्पताल के एवीपी अनिल कुमार ने बताया कि हर्ष का ऑपरेशन डॉ. अनुपम कुमार सिंह और डॉ. महेश कुशवाहा ने किया। हर्ष के हार्ट में 100 प्रतिशत ब्लॉकेज था। फिलहाल उन्हें 48 घंटे निगरानी में रखा जाएगा।
नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की टीम रांची में पिछले तीन दिनों से मैच खेल रही है। शनिवार को अचानक होटवार खेल मैदान में मैच के दौरान छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल टीम के मैनेजर 42 वर्षीय हर्ष साहू को सीने में दर्द और हार्ट अटैक जैसा महसूस हुआ। इसके बाद उनके साथियों ने आनन-फानन में उन्हें मेडिका अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उनका तुरंत इलाज शुरू किया।
हर्ष सिंह के अटैक की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आदि नेताओं ने झारखंड कांग्रेस से नेताओं और अधिकारियों से संपर्क साधा। सूचना मिलते ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन अभिलाष साहू, उपाध्यक्ष परवेज आलम, खेल विभाग के चेयरमैन अमरेंदर कुमार सिंह, महासचिव रतीश कुमार सिंह आदि नेता मेडिका पहुंचे और बेहतर इलाज की मुकम्मल व्यवस्था की।
डॉक्टरों ने बताया कि हर्ष साहू का ब्लड ब्लॉकेज है, जिसके लिए एंजियोग्राफी की जानी चाहिए। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं की सहमति के बाद हर्ष सिंह का सफल ऑपरेशन कर स्टेंट लगाया गया। डाक्टरों ने उन्हें पांच दिन अस्पताल में ही रहने की सलाह दी है।