रांची में महाराजा आॅफ दार्जिलिंग, तलबगारों को यहां मिलती है 70 तरह की चाय
रांची के बीचोबीच रोस्पा टावर के पास चाय बबल्स में 70 से अधिक प्रकार की चाय मिलती है।यहां एक प्याली चाय की कीमत 49 रुपये से लेकर 229 रुपये तक है।
रांची, संजय कृष्ण। महात्मा गांधी मार्ग पर स्थित रोस्पा टॉवर के ठीक सामने एक कच्ची सड़क अंदर जाती है। पांच सौ मीटर की दूरी तय करने के बाद फिर बाएं की ओर जाती है। बाएं से फिर दाएं और यहीं पर ही 'चाय बबल्स'। शहर की भीड़ से अलग, एकदम शांत।
न यहां गाडिय़ों का शोर, न आवाजाही। ऐसी शांति, जैसे किसी जंगल में हों। यह ठीक शहर के बीच का हाल है। यहां आप आकर दो पल सुकून के बिता सकते हैं। चाय की चुस्कियों के साथ। एक नहीं, करीब 70 से अधिक प्रकार के चाय। तरह-तरह के फ्लेवर।
शुद्ध और शाकाहारी : आदित्य जैन बताते हैं कि इसका कंसेप्ट एक मित्र से मिला। इसके बाद इस पर काम शुरू किया। इसके बाद इसे खोला गया। यहां स्नैक्स वगैरह शुद्ध और शाकाहारी हैं। लोगों यहां आराम से चाय पी सकें, बतिया सकें। गप्प कर सकें, इसका ध्यान यहां रखा गया है।
तरह-तरह की चाय : यहां दूध की चाय 12 प्रकार की है। ग्रीन टी भी है। कुल 70 से अधिक चाय की वैरायटी है। हर तरह की चाय और उसका फ्लेवर। ठंड के इस मौसम में यहां चाय का स्वाद ले सकते हैं। अजवाइन, तुलसी, काली मिर्च, इलायची, मसाला, कटिंग, इरानी, सुलेमानी चाय भी।
इंटीरियर है खास : यहां का इंटीरियर भी खास ढंग का है। अंदर हाल में केतली की भरमार है। अलग-अलग रंगों में। केतली पर पेंटिंग की गई है। लोक पेंटिंग। मधुबनी से लेकर दूसरे आर्ट फार्म। टेबल के ऊपर प्रकाश के लिए भी केतली का उपयोग किया गया है। केतली के अंदर बल्ब लगा हुआ है। डिजाइन में जूट की रस्सियों का उपयोग किया गया। इसे अनुपम देव ने सजाया है।
एक्जॉटिक चाय : यहां एक्जॉटिक चाय की तीन वैरायटी है। प्रीमियम और क्लासिक भी है। मशहूर चाय बबल्स भी है। इसके अलावा महाराजा आफ दार्जिलिंग, पर्ल टी ग्रीन, समर ब्यूटी, स्प्रींग ब्लूज्म वाइट और भी किस्में। जो पसंद हो, उसका स्वाद लें।