इंदुशेखर चतुर्वेदी बने झारखंड के प्रभारी मुख्य सचिव, केंद्र में अमित खरे को महत्वपूर्ण प्रभार
अमित खरे झारखंड कैडर के 1985 बैच के अधिकारी हैं। वे इससे पूर्व भी मानव संसाधन मंत्रालय में संयुक्त सचिव का पद संभाल चुके हैं। वे झारखंड के विकास आयुक्त भी रह चुके हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे को मानव संसाधन मंत्रालय के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति संबंधी कमेटी ने अगले आदेश तक खरे को प्रभार देने का आदेश जारी किया है। अमित खरे झारखंड कैडर के 1985 बैच के अधिकारी हैं। वे इससे पूर्व भी मानव संसाधन मंत्रालय में संयुक्त सचिव का पद संभाल चुके हैं।
अमित खरे झारखंड के विकास आयुक्त सहित वित्त ,शिक्षा आदि अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी के छुट्टी पर रहने के कारण राजस्व पर्षद सदस्य इंदुशेखर चतुर्वेदी को मुख्य सचिव का प्रभार दिया गया है। चतुर्वेदी फिलहाल वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में अपर मुख्य सचिव हैं।
राजस्व उपनिरीक्षकों का ग्रेड पे बढ़ाने व आयुष्मान से जोडऩे का भेजा प्रस्ताव
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राजस्व उपनिरीक्षकों का ग्रेड पे 2400 करने का प्रस्ताव योजना सह वित्त विभाग को भेजा है। विभाग के संयुक्त सचिव रामकुमार सिन्हा द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में कहा गया है कि जनसेवकों को यह ग्रेड पे प्राप्त है। वहीं, विभाग ने राजस्व उपनिरीक्षकों को आयुष्मान भारत योजना से जोडऩे का भी प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया है। बता दें कि राजस्व उपनिरीक्षकों की लंबी हड़ताल के बाद पिछले दिनों विभागीय मंत्री अमर बाउरी ने दोनों प्रस्ताव संबंधित विभागों को भेजने पर सहमति प्रदान की थी।