CCL विद्या सारथी योजना: 10वीं पास 400 छात्रों को मिलेगी JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग, कौन कर सकता है अप्लाई
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने 'विद्या सारथी' परियोजना शुरू की है, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को ...और पढ़ें

सीसीएल विद्या सारथी योजना: मेधावी छात्रों को मिलेगी मुफ्त जेईई नीट कोचिंग।
HighLights
सीसीएल ने 'विद्या सारथी' परियोजना की शुरुआत की।
मेधावी छात्रों को जेईई और नीट की मुफ्त कोचिंग।
10 डीएवी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम बनेंगे अध्ययन केंद्र।
जागरण संवाददाता, रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी कदम उठाते हुए सीसीएल विद्या सारथी परियोजना प्रारंभ की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सीसीएल एवं नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन के मध्य रांची स्थित मुख्यालय में एक समझौता ज्ञापन किया गया।
कारपोरेट सामाजिक दायित्व के अंतर्गत शुरू की जा रही इस अभिनव पहल का उद्देश्य सीसीएल कमांड क्षेत्रों में निवासरत मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क तैयारी उपलब्ध कराना है।
योजना विशेष रूप से उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए आशा एवं अवसर का नया द्वार खोलेगी, जो आर्थिक संसाधनों के अभाव में बड़े शहरों के महंगे कोचिंग संस्थानों तक पहुंच नहीं बना पाते, किंतु अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के बल पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना संजोए हुए हैं।
400 विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा से
सीसीएल विद्या सारथी योजना के माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों को अब अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आधुनिक एवं समग्र शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अधिकतम 400 विद्यार्थियों का चयन पारदर्शी प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
इस प्रवेश परीक्षा में सीसीएल कमांड क्षेत्र के निकटवर्ती ग्रामों एवं क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के वे विद्यार्थी सम्मिलित हो सकेंगे, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ₹आठ लाख से कम हो तथा जिनका निवास किसी भी सीसीएल प्रतिष्ठान, खदान अथवा इकाई से 25 किलोमीटर की परिधि के भीतर हो।
कक्षाओं का संचालन शनिवार एवं रविवार को
योजना के तहत सीसीएल कमांड क्षेत्रों में अवस्थित 10 डीएवी विद्यालयों को अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जाएंगे, जहां चयनित विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा दो वर्षों तक व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख शिक्षा प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कक्षा आधारित मार्गदर्शन, डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म, स्मार्ट क्लासरूम शिक्षण सुविधा, अध्ययन सामग्री, पुस्तकें, नियमित माक टेस्ट, प्रदर्शन मूल्यांकन, विशेष सुधारात्मक कक्षाएं तथा राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ संवादात्मक सत्र जैसी व्यापक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी सामग्री एवं अन्य आवश्यक अध्ययन किट भी निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। विद्यार्थियों की नियमित स्कूली शिक्षा प्रभावित न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
कक्षाओं का संचालन शनिवार एवं रविवार को विद्यालय की सामान्य शिक्षण अवधि के उपरांत किया जाएगा। इससे विद्यार्थी अपनी औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावी रूप से कर सकेंगे।
