कैथोलिक समुदाय ने किया मिस्सा अनुष्ठान, मृत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
Jharkhand. इस अवसर पर कांटाटोली स्थित कब्रिस्तान में विशेष मिस्सा अनुष्ठान हुआ। इससे पूर्व कब्रिस्तान परिसर में जुलूस निकाला गया।
रांची, जासं। राजधानी रांची में शनिवार को कैथोलिक समुदाय ने अपने परिवार के मृत जनों का स्मरण करते हुए मृत विश्वासियों का पर्व मनाया। इस दौरान लोगों ने अपने मृत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर कांटाटोली स्थित कब्रिस्तान में विशेष मिस्सा अनुष्ठान हुआ। इससे पूर्व कब्रिस्तान परिसर में जुलूस निकाला गया और कब्रिस्तान परिसर का आशीष पवित्र जल छिड़क कर किया गया। इसके लिए तैयारी 31 अक्टूबर से ही शुरू हो गई थी।
लोगों ने अपने परिजनों के कब्र की सफाई की थी। इसे आज गेंदे के फूल से सजाया गया है। लोगों ने कैंडल जलाकर अपने परिवार के लोगों को याद किया। इस अवसर पर बिशॉप ने कहा कि मित्रता और परिवार के साथ किसी भी स्थिति में मृत्यु होने पर सभी लोगों के लिए मुक्ति सुनिश्चित है। मृत्यु के बाद आत्मा स्वर्ग में प्रवेश कर सके, इसके लिए शुद्धि की जाती है। इस अवसर पर पूरे कब्रिस्तान में बिशॉप ने पवित्र जल का छिड़काव किया। बता दें यह कार्यक्रम प्रत्येक साल दो नवंबर को आयोजित किया जाता है।