IIM में एडमिशन के लिए अब 22 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन, 29 नवंबर को होगा CAT Exam
कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT 2026) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब 22 सितंबर शाम 5 बजे तक बढ़ा दी ...और पढ़ें

कैट के लिए आवेदन की डेट बढ़ी। फाइल फोटो
HighLights
कैट 2026 आवेदन की अंतिम तिथि 22 सितंबर तक बढ़ी।
प्रवेश परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर को तीन सत्रों में होगा।
आईआईएम इंदौर द्वारा आयोजित, ऑनलाइन आवेदन iimcat.ac.in पर।
जागरण संवाददाता, रांची। देश की प्रमुख प्रबंधन प्रवेश परीक्षा कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) 2026 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भारतीय प्रबंधन संस्थानों (IIM) ने एक और अवसर दिया है।
कैट 2026 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 22 सितंबर शाम 5 बजे कर दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित थी। कैट 2026 का आयोजन 29 नवंबर को तीन सत्रों में किया जाएगा।
परीक्षा का आयोजन IIM इंदौर द्वारा किया जा रहा है। देशभर में लगभग 170 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान अधिकतम पांच पसंदीदा परीक्षा शहर चुनने का विकल्प मिलेगा।
ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
शिक्षा एवं प्रबंधन प्रवेश परीक्षा विशेषज्ञ गोपाल झा ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक कैट 2026 के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें इस अतिरिक्त समय का लाभ उठाते हुए अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करना चाहिए।
आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के साथ दस्तावेज, फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक विवरण और परीक्षा केंद्र की प्राथमिकता को सावधानीपूर्वक जांच लेना आवश्यक है।
कैट 2026 का आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in के माध्यम से किया जा सकता है। IIM ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को अंतिम समय की तकनीकी अथवा भुगतान संबंधी परेशानी से बचने के लिए आवेदन जल्द पूरा कर लेना चाहिए।
