रांची में व्यवसायी ने आठवें तल्ले से कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस Ranchi News
Jharkhand. रांची में 2 सप्ताह के भीतर आत्महत्या के सात मामले सामने आए हैं। व्यवसायी का नाम सौरभ अग्रवाल है वे डोर स्टेप डिलीवरी का काम करते थे।
रांची, जासं। रांची में बुधवार को पिस्का मोड़ के समीप स्थित आस्था रिजेंसी के आठवें तल्ले से कूदकर एक व्यवसायी ने जान दे दी। अपार्टमेंट से नीचे गिरते ही व्यवसायी की मौत हो गई। व्यवसायी का नाम सौरभ अग्रवाल है। वे डोर स्टेप डिलीवरी का काम करते थे। जानकारी के अनुसार सौरभ अग्रवाल रातू रोड मेट्रो गली के रहने वाले थे। वह आस्था रिजेंसी के आठवें तल्ले स्थित अपने मामा के फ्लैट में कुछ दिनों से रह रहे थे।
बुधवार की सुबह ही अपने मेट्रो गली स्थित घर से निकलकर फ्लैट गए थे। अचानक क्या हुआ, किसी को पता नहीं चला। उन्होंने बालकनी से छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर पंडरा थाने की पुलिस पहुंची और छानबीन की। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि उनसे किसी का विवाद नहीं था। घर में पति-पत्नी के बीच भी अच्छे संबंध थे। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। रांची में लॉकडाउन के दौरान लगातार आत्महत्या के मामले सामने आ रहे हैं। पिछले 2 सप्ताह के भीतर आत्महत्या के 7 मामले सामने आए हैं।
हाल में सामने आए आत्महत्या के मामले
- 12 मई पंडरा विकासनगर में संध्या देवी नाम की महिला ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली।
- 09 मई की सुबह तड़के तीन से चार बजे के बीच खेलगांव थाना क्षेत्र के होटवार मछुआटोली में रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग काली टोप्पो ने पेड़ से लटककर जान दे दी। एक प्लास्टिक की पतली रस्सी का फंदा बना झूल गया था।
- 08 मई को बरियातू थाना क्षेत्र के मोरहाबादी स्थित अपार्टमेंट में रहने वाली छात्रा ने फंदे से झूल कर जान दे दी। लॉकडाउन के दौरान वह घर जाना चाहती थी। तनाव में उसने आत्महत्या कर ली।
- 01 मई को सदर थाना क्षेत्र के बांधगाड़ी न्यू नगर में रहने 28 वर्षीय राजेश नायक ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। राजेश के पिता पशुपालन विभाग के कर्मी हैं। युवक नौकरी नहीं लगने से डिप्रेशन में था।
- 30 अप्रैल को पंडरा ओझा मार्केट में रहने वाली युवती निशा कुमारी ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। युवती दुपट्टा का फंदा बनाकर झूल गई थी। उसकी शादी होनी थी, लेकिन प्रमी ने हाल में शादी से इन्कार कर दिया था। इससे वह तनाव में चल रह थी।
- 30 अप्रैल को बरियातू स्थित तेतरटोली में रहने वाले कृष्णा मुंडा (40) पिता स्व. गोदो मुंडा ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। कृष्णा पेशे से मजदूर था। पुलिस के अनुसार कूष्णा की पत्नी प्रेमी संग फरार हो गई है। इससे वह तनाव में था। तनाव में आकर फंदे से झूलकर जान दे दी।