विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी की सुप्रीम कोर्ट मार्च पर भड़के प्रतुल शाहदेव, कहा- नक्सल विचारधारा की तरह अराजकता से सत्ता पाना चाहती है कांग्रेस

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:23 PM (IST)

भाजपा ने राहुल गांधी के सुप्रीम कोर्ट मार्च और जमशेदपुर हिंसा को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ...और पढ़ें

जमशेदपुर में हुई हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

जमशेदपुर में हुई हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

HighLights

  1. राहुल गांधी के सुप्रीम कोर्ट मार्च पर भाजपा का हमला।

  2. कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ जाने का आरोप।

  3. जमशेदपुर हिंसा पर उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

वि. रांची। झारखंड की राजनीति में राहुल गांधी के सर्वोच्च न्यायालय तक मार्च के ऐलान और जमशेदपुर में हुई हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। 
 
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राहुल गांधी के इस कदम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस का लोकतांत्रिक व्यवस्था से लगातार विश्वास उठता जा रहा है। 
 
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब चुनावी प्रक्रिया के जरिए जनता का विश्वास जीतने के बजाय सड़कों पर दबाव और अराजकता के बल पर सत्ता हासिल करना चाहती है।
 
प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को एक प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि जिस तरह से नक्सली अराजकता फैलाकर सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं, कुछ वैसा ही व्यवहार आज कांग्रेस का नजर आ रहा है। 
 
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का सुप्रीम कोर्ट मार्च महज एक राजनीतिक प्रदर्शन नहीं है, बल्कि न्यायपालिका पर राजनीतिक दबाव बनाने की एक सोची-समझी कोशिश है। 
 
सर्वोच्च न्यायालय कोई राजनीतिक अखाड़ा नहीं, बल्कि देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था है। जब चुनावी व्यवस्था कांग्रेस के अनुकूल परिणाम नहीं देती, तब वे चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हैं। 
 
अब न्यायपालिका को भी राजनीतिक विरोध के दायरे में खींचने की कोशिश की जा रही है। यह लोकतंत्र में आस्था का नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने की राजनीति का प्रमाण है।
 

जमशेदपुर की घटना कांग्रेस की हताशा का परिणाम: आदित्य साहू 

इधर, जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हुए पथराव को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी कड़ा रुख अपनाया है। 
 
उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा, गुंडागर्दी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उसकी असहिष्णुता का सीधा प्रमाण बताया है।
 
आदित्य साहू ने कहा कि जेएनयू की बेटियों के लिए न्याय की मांग कर रही भाजपा महिला मोर्चा की बहनों पर हमला किया जाना बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला है। 
 
लोकतांत्रिक तरीके से सवाल पूछने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार हर नागरिक को है, लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट और पथराव होना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। 
 
भाजपा कार्यकर्ता जेएनयू की बेटियों को न्याय दिलाने और आरोपी सांसद अकोइजाम पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध जताने गए थे।
 
प्रदेश अध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और पथराव व हमले में शामिल सभी उपद्रवियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। 
 
इसके साथ ही, कानून-व्यवस्था पूरी तरह संभालने में विफल रहने पर जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम वकारिब को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की भी मांग की गई है।