पायथन कंप्यूटर प्रोग्रामिंग के लिए अब न रहें इंटरनेट के भरोेसे, पहली पुस्तक का हुआ विमोचन
Jharkhand. एडीजी अनुराग गुप्ता और आइआइटी आइएसएम के प्रोफेसर जीपी विश्वास ने मिलकर इस पुस्तक को लिखा है। विमोचन राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया गया।
रांची, राज्य ब्यूरो। पायथन कंप्यूटर प्रोग्रामिंग यूरोप और अमेरिका में सबसे तेजी से प्रचलित हो रही प्रोग्रामिंग भाषा है जो अब भारत में भी युवाओं को आकर्षित कर रही है। इस भाषा पर पहली पुस्तक लिखी है एडीजी अनुराग गुप्ता और आइआइटी आइएसएम के प्रोफेसर जीपी विश्वास ने। पायथन प्रोग्रामिंग-प्रोब्लेम, सोल्विंग, पैकेजेज एंड लाइब्रेरीज का विमोचन राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डीजीपी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
इस प्रोग्रामिंग को पढऩे के लिए छात्र अभी तक सिर्फ इंटरनेट पर आश्रित थे और कोई लिखित किताब उपलब्ध नहीं था। चार वर्षों की मेहनत से दोनों ने पुस्तक को तैयार किया है जिसे अमेरिका के मैकग्रो हिल पब्लिकेशन प्रकाशित कर रही है। संभावना व्यक्त कि गई है कि इस किताब को कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग पढ़ानेवाले संस्थानों के कोर्स में शामिल किया जाएगा।
पायथन कंप्यूटर प्रोग्रामिंग एक बहुत ही सरल कंप्यूटर भाषा है जिसे बच्चे भी आसानी से समझ सकते हैं। सीबीएसई ने भी इसे 11वीं और 12वीं के पाठ्यक्रम में शामिल किया है। इसी विषय पर एडीजी अनुराग गुप्ता 21 अगस्त को एक व्याख्यान देंगे। भविष्य में वे एक वर्कशॉप का आयोजन भी करेंगे जिसके माध्यम से बच्चों को इस विषय के बारे में जानकारी दी जाएगी।