ओरमांझी में युवती की हत्या मामले की सीबीआइ जांच की मांग, भाजपा महिला मोर्चा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
Ormanjhi Murder Case ओरमांझी घटना की सीबीआइ जांच की मांग ने अब जोर पकड़ा लिया है। सोमवार को राज्यपाल से भाजपा महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इसके बाद राज्यपाल के आश्वासन के बाद क्रमिक धरने का कार्यक्रम स्थगित किया।
रांची, राज्य ब्यूरो। Ormanjhi Murder Case झारखंड में बढ़ती दुष्कर्म की घटनाएं, महिला अत्याचार और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को ले राज्य सरकार को चौतरफा घेर रही भाजपा ने सोमवार को एक बार फिर इस प्रकरण को लेकर राज्यपाल से मुलाकात की। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को इस संदर्भ में ज्ञापन भी सौंपा। भाजपा ने महिलाओं के साथ घट रही दुष्कर्म, प्रताड़ना एवं हत्या की घटनाओं पर रोक लगाने तथा ओरमांझी में महिला की सिर कटी लाश की घटना की सीबीआई जांच कराने के लिए राज्य सरकार को निर्देशित करने का अनुरोध राज्यपाल से किया।
राज्यपाल के आश्वासन के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार शाम पिछले चार दिनों से राजभवन के समक्ष चल रहे धरने को स्थगित करने का निर्णय लिया। राज्यपाल को प्रेषित ज्ञापन में भाजपा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा किविगत एक वर्ष में ही 1765 मां, बहन और बेटियों के साथ दुष्कर्म व हत्या की घटनाएं घटित हुई है। औसत पांच घटनाएं प्रतिदिन घटित हो रही हैं।
दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि पुलिस प्रशासन समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल न कर जनता की आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है। प्रतिनिधिमंडल में महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, विधायक नीरा यादव, अपर्णा सेन गुप्ता, मेयर आशा लकड़ा, प्रदेश मंत्री काजल प्रधान, पूर्व मंत्री लुइस मरांडी, आरती सिंह, अनिता वर्मा भी शमिल थीं।
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा ने की मांग
-राज्य में महिला उत्पीडऩ, बलात्कार, हत्या से संबंधित जितनी भी एफआइआर दर्ज हुईं हैं, ऐसे मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी सजा दिलाने की व्यवस्था हो।
- ओरमांझी घटना की सीबीआई जांच हो।
-राज्य में मां ,बहन, बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएं।
पार्टी कार्यकर्ता की तरह बोल रहे डीजीपी : अन्नपूर्णा देवी
राज्य में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ राजभवन के समक्ष धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। सांसद ने कहा कि आदिवासियों के हितैषी कहने वाली सरकार में सबसे ज्यादा आदिवासी और दलित बहनों के साथ अत्याचार हुआ है। राज्य की महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है। महिलाएं इस सरकार में खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इधर राज्य की सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा करना छोड़ डीजीपी झामुमो के पार्टी कार्यकर्ताओं की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने डीजीपी के बयान की निंदा करते हुए डीजीपी से बयान को वापस लेने की मांग की है। साथ ही ओरमांझी मामले में यथाशीघ्र अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की।