भाजपा 35 लाख लोगों तक पहुंचाएगी मोदी की चिट्ठी
रांची केंद्र की मोदी सरकार 2.0 के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को भाजपा कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएंगे। पार्टी ने राज्य के 35 लाख परिवारों तक पहुंचने और उन तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान अगले एक माह तक चलेगा।
रांची : केंद्र की मोदी सरकार 2.0 के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को भाजपा कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएंगे। पार्टी ने राज्य के 35 लाख परिवारों तक पहुंचने और उन तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान अगले एक माह तक चलेगा। इस दौरान भाजपा राज्य में डिजिटल माध्यम से दो बड़ी वर्चुअल करेगी, जिसमें 30-35 हजार लोगों को जुटाने की कोशिश की जाएगी। इन रैलियों को केंद्रीय नेता संबोधित करेंगे। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में दो-दो छोटी सभाएं भी इसी माध्यम से की जाएंगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में पार्टी की इस कार्य योजना को साझा किया।
दीपक प्रकाश ने बताया कि भाजपा झारखंड में मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यक्तिगत संपर्क और सोशल मीडिया का पूरा उपयोग करेगी। शारीरिक दूरी के मानकों का पालन करते हुए कार्यकर्ता पूरे जून माह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच जाएंगे। इस दौरान दो बड़ी रैलियों के अलावा प्रत्येक विधानसभा में दो के हिसाब से 162 वर्चुअल रैली होगी। पार्टी के सभी सात मोर्चो के द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के हिसाब से 61 रैली आयोजित होगी। मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा गरीबों, जरूरतमंदों के बीच 30 लाख मास्क व सैनिटाइजर वितरित करने की तैयारी है। संपर्क के माध्यम से कार्यकर्ता 'लोकल के लिए वोकल' अभियान के तहत स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों के प्रयोग के लिए लोगों को संकल्प याद दिलाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा एवं सासद समीर उराव भी उपस्थित थे।
----------
राज्य सरकार को लिया निशाने पर :
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इस मौके पर राज्य सरकार को निशाने पर भी लिया। कहा, संकट काल में जो तैयारी राज्य सरकार की होनी चाहिए, वह नहीं दिखी। राज्य सरकार की न तो कोई नीति है, न ही नीयत। यह सरकार दूसरों के किए काम का क्रेडिट ले रही है। प्रवासी श्रमिकों की वापसी को लेकर राजनीति उचित नहीं है।
----------
कांग्रेस हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा दे रही :
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्यसभा चुनाव पर कहा कि हमारे पास पूर्ण बहुमत है। कहा, अच्छा यही होता कि कांग्रेस शिबू सोरेन को निर्विरोध जीतने का अवसर देती। लेकिन, काग्रेस ने इस राज्य में हमेशा से हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा दिया है।
---------------