Jharkhand Politics: हेमंत को सत्ता से हटाए बिना चैन से नहीं सोएंगे... खत्म करेंगे रावण राज... दीपक प्रकाश ने लिया अनूठा संकल्प
Jharkhand BJP Meeting Hazaribagh भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने संकल्प लिया है कि हेमंत सोरेन को सत्ता से हटाए बिना चैन से नहीं सोएंगे। कहा राज्य सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखें। आने वाला समय भाजपा का होगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। हजारीबाग भाजपा के प्रदश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान भाजपा कार्यकर्ताओं से किया है। हजारीबाग में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि वे राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखे और नकेल कसें। कहा, हम जब तक इस सरकार को सत्ता से बाहर नहीं करेंगे, तब तक चैन की नींद नहीं सोएंगे।
कहा- मिलकर खत्म करेंगे रावण राज
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी समेत कार्यसमिति के सभी सदस्य मौजूद थे। कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा, भाजपा के कार्यकर्ता होने के नाते हमारा लक्ष्य हमेशा आगे बढ़ना है। संघर्ष करना है, तब तक विराम नहीं लेना है जब तक लक्ष्य नहीं प्राप्त कर लें। हम सब मिलकर रावण राज्य को खत्म करने करेंगे।
मधु कोड़ा की सरकार से भी अधिक भ्रष्टाचार
उन्होंने कहा कि आज राज्य की जो स्थिति है, वैसी पहले कभी नहीं थी। मधु कोड़ की सरकार के कार्यकाल से भी अधिक भ्रष्टाचार आज देखने को मिल रहा है। कहा, अब तो हद हो गई है, मुख्यमंत्री स्वयं अपने नाम पर पत्थर की लीज ले रहे हैं, उनके भाई ने भी लीज लेने का काम किया। उनकी साली और पत्नी ने भी इंडस्ट्रियल एरिया में जमीन लेने का काम किया। अति तो तब हो गई जब उनके प्रेस सलाहकार और विधायक प्रतिनिधि ने भी लीज ली। दीपक प्रकाश ने भराेसा दिलाया कि आने वाला समय भाजपा का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता यहां होने वाले संवाद को नीचे तक पहुंचाए। यह भी कहा कि हर कार्यकर्ता को अपना सेल्फ एसेसमेंट करना है कि पार्टी के लिए हमने कितना किया।
आदिवासी हितों की बात करने वालों ने ही आदिवासियों को छला
दीपक प्रकाश ने कहा कि आदिवासी हितों की बात करने वाली इस सरकार ने सबसे ज्यादा आदिवासियों को ही छला है। कहा, आइएएस पूजा सिंघल के पास से जो नकद मिला वो किसका पैसा था। वो झारखंड के आदिवासियों के हितों के लिए केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए पैसे थे, जिसको हड़पने का काम किया गया। कहा, सरकार में बैठे लोगों ने साहिबगंज के पहाड़ों को साफ कर दिया। इसका श्रेय हेमंत सोरेन को जाता है। आदिवासियों को विस्थापित करने का काम भी हेमंत सोरेन ने किया। आदिवासी-मूलवासी के हित की बात करते हैं लेकिन इनके इर्द-गिर्द कोई भी आदिवासी नहीं है।
गांव की सरकार भी भाजपा की ही होगी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि आज जनता में आक्रोश है और इस जनाक्रोश की परिणति त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में देखने को मिल रही है। पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा भाजपा के कार्यकर्ता जीत रहे हैं, अभी तो आधा चुनाव परिणाम आया है। दावा किया कि गांव की सरकार भी भाजपा की ही सरकार होगी।
न रोजगार मिला, न बेरोजगारी भत्ता
दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने विधानसभा चुनाव से पूर्व वादा किया था कि हमारी सरकार बनेगी तो पांच लाख लोगों को राेजगार मिलेगा। पांच लाख तो छोड़ दीजिए, पांच सौ लोगों को भी रोजगार नहीं मिला। उन्होंने घोषणा की थी कि अगर रोजगार नहीं देगें तो बेरोजगारी भत्ता देंगे। लेकिन आज तक किसी के हाथ में बेरोजगार भत्ता नहीं आया। सौ यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी, लेकिन एक यूनिट भी मुफ्त नहीं मिली। इस जनविरोधी सरकार ने होल्डिंग टैक्स में लगातार वृद्धि की है। कृषि बाजार पर अतिरिक्त टैक्स लगाने का काम किया है।