Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा के इस विधायक का नाम है साधु, अपनी इन हरकतों से चर्चा में
Jharkhand Assembly Election 2019 ये छोटी बातों पर सिर्फ उग्र ही नहीं होते बल्कि मारपीट और हिंसा पर उतारू हो जाते हैं। मंगलवार को इन्होंने अपने क्षेत्र में एक व्यक्ति की पिटाई की
रांची, राज्य ब्यूरो। ईचागढ़ के भाजपा विधायक साधुचरण महतो अपने नाम के ठीक विपरीत हैं। सब्र इनके बस की बात नहीं। छोटी-छोटी बातों पर सिर्फ उग्र ही नहीं होते, बल्कि मारपीट और हिंसा पर उतारू हो जाते हैं। मंगलवार को इन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के एक व्यक्ति अरुण प्रमाणिक की पिटाई कर दी। दरअसल नीमडीह के छातरडीह में विधायक साधुचरण महतो एक योजना का शिलान्यास करने पहुंचे थे तो प्रमाणिक के उनसे कुछ पूछने की हिमाकत कर दी। बस क्या था, साधु आपा खो बैठे और प्रमाणिक पर हाथ छोड़ दिया। रांची के सांसद संजय सेठ भी उस वक्त उनके साथ थे। विधायक की हरकत का स्थानीय लोगों ने डटकर विरोध किया। लोगों का गुस्सा देख विधायक मौके से खिसक गये।
विधायक साधुचरण महतो की यह पहली कारस्तानी नहीं है। लगभग डेढ़ साल पहले उन्होंने सरायकेला-खरसावां के जिला भूअर्जन पदाधिकारी की जमकर पिटाई की थी। उस मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई, लेकिन सत्ता पक्ष में रहने के कारण उन्हें जल्द ही कानूनी कार्रवाई से राहत मिली। गिरफ्तारी के बाद वे बीमारी के नाम पर अस्पताल में इलाज को भर्ती हो गये।
बौखलाहट की वजह विधायक का क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विरोध है। इनका टिकट काटने पर भी विचार चल रहा है। यहां से भारतीय प्रशासनिक सेवा की रिटायर्ड अधिकारी सुचित्रा सिन्हा को भाजपा प्रत्याशी बना सकती है। उन्होंने हाल ही में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। ईचागढ़ में विलुप्तप्राय सबर जनजाति के उत्थान की दिशा में उन्होंने काफी काम किए हैं। क्षेत्र में वह काफी लोकप्रिय हैं।