14 के बाद चुना जाएगा भाजपा विधायक दल का नेता Ranchi News
Jharkhand. रविवार को रांची में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में नागरिकता संशोधन कानून पर आयोजित पार्टी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
रांची, जेएनएन। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल का नेता 14 जनवरी के बाद चुना जाएगा। रविवार को नागरिकता संशोधन कानून पर भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यशाला के बाद हुई विधायक दल की औपचारिक बैठक में इस बाबत सहमति बनी। बैठक के उपरांत पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने बताया कि खरमास के कारण विधायक दल के नेता के चयन को टाला गया है। कहा कि सोमवार से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में भाजपा के अनुभवी विधायक युवा विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे। विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी उपस्थित थे। इस बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय मौजूद रहे।
बता दें कि भाजपा ने नागरिकता संशोधन अधिनियम कानून (सीएए) पर फैले भ्रम को दूर करने के लिए राज्य में व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी बाबत आज प्रदेशस्तरीय कार्यशाला का आयोजन प्रदेश मुख्यालय में किया गया।