झारखंड में अपराधियों के निशाने पर बीजेपी नेता, अब तक आधा दर्जन की हत्या
Ranchi News प्रदेश में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सूबे की हेमंत सरकार लगातार विरोधियों के निशाने पर है। बीजेपी नेता और रांची की मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने प्रदेश की हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में बीजेपी के कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं हैं।
रांची, जागरण संवाददाता। प्रदेश में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सूबे की हेमंत सरकार लगातार विरोधियों के निशाने पर है। बीजेपी नेता और रांची की मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने प्रदेश की हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में बीजेपी के कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं हैं। गौरतलब है, कि 7 दिसंबर को जमशेदपुर में बीजेपी नेता सूरज कुमार सिंहर पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।
जबकि इससे पहले 14 नवंबर को पलामू जिले के हरिहरगंज में अपराधियों ने भाजपा युवा मोर्चा के सुमित श्रीवास्तव की हत्या कर दी थी, वहीं 22 सितंबर को भाजपा एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष जीत राम मुंडा की मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने गोली माकर हत्या कर दी थी। इससे पहले भी 21 जुलाई को जमशेदपुर में भाजपा नेता प्रकाश यादव की हत्या, 05 जुलाई को भाजपा के लातेहार जिला महामंत्री जयवर्द्धन सिंह की अपराधियों ने हत्या कर दी थी।
आशा लकड़ा ने कहा कि, झारखंड के एक के बाद एक भाजपा नेता अपराधियों के निशाने के शिकार हो रहे हैं। फिर भी राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवई नहीं कर रही है। अपराधियों के बढ़तेमनोबल से यह प्रतीत हो रहा है कि सत्ताधारी दल के इशारे पर पुलिस-प्रशासन ने उन्हें खुली छूट दे रखी है।
डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि राज्य की गिरती कानून व्यवस्था हेमंत सरकार के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेताओं की हत्या के बाद अब झारखंड में भी भाजपा नेताओं के साथ खूनी खेल खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत का हिसाब देना होगा। भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत के खिलाफ पूरे राज्य में जोरदार आंदोलन होगा।