रांची एयरपोर्ट पर गोली के साथ धराए भाजपा नेता, भेजे गए जेल Ranchi News
Jharkhand. गुरुवार की सुबह उन्हें हिरासत में लिया गया था। अखिलेश पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के ओरनार गांव के रहने वाले हैं। गोली भाजपा नेता के बैग में रखा हुआ था।
रांची, जासं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से गुरुवार को विस्तारा एयरलाइंस से दिल्ली जा रहे भाजपा नेता अखिलेश तिवारी के पास से एक प्वाइंट 315 बोर की गोली बरामदगी के मामले में शुक्रवार को उन्हें जेल भेज दिया गया है। गुरुवार की सुबह उन्हें हिरासत में लिया गया था। अखिलेश पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के ओरनार गांव के रहने वाले हैं। गोली भाजपा नेता के बैग में रखा हुआ था। एयरपोर्ट पर फ्लाइट पकड़ने के लिए प्रवेश करते समय बैग की स्कैनर से जांच हुई तो उसमें गोली मिली।
गोली मिलने के तुरंत बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया और एयरपोर्ट अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके पास लाइसेंसी रायफल है। इसकी गोली घर में सफाई के दौरान पत्नी ने बैग पर रख दी। जो उसी बैग में रखा रह गया, जिसे लेकर सफर के लिए जाना था। सफर के लिए गुरुवार को जब रांची एयरपोर्ट पहुंचे, तो उनका बैग गोलियों के साथ पकड़ा गया।
इसके बाद एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों ने अखिलेश को एयरपोर्ट थाना प्रभारी को सौंप दिया। पुलिस ने उनसे पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने अपने घर से रायफल का लाइसेंस मंगवाया। एयरपोर्ट थाना प्रभारी रमेश गिरी के अनुसार चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू रहने की वजह से अवैध ढंग से गोली लेकर चलने के आरोप में उन पर एफआइआर दर्ज की गई। इसी आरोप में उन्हें जेल भेज दिया गया।