झारखंड भाजपा में मोर्चा और प्रकोष्ठ अध्यक्षों की घोषणा जल्द, सामाजिक समीकरणों का रखा गया ध्यान
झारखंड भाजपा इस सप्ताह अपने सभी सात मोर्चा और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा करेगी। सामाजिक समीकरण, अनुभव ...और पढ़ें

अनुभव और कार्यक्षमता के आधार पर तय हुए मोर्चा और प्रकोष्ठ के अध्यक्ष।
HighLights
भाजपा झारखंड के सात मोर्चा-प्रकोष्ठ अध्यक्षों की घोषणा इस सप्ताह।
सामाजिक समीकरण, अनुभव और केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से नाम तय।
युवा और महिला मोर्चा अध्यक्ष सामान्य जाति से होने की संभावना।
राज्य ब्यूरो, रांची। प्रदेश भाजपा ने अपने सभी सात मोर्चा और प्रकोष्ठ के अध्यक्षों के नाम तय कर लिए हैं। इस सप्ताह इसके घोषित होने की पूरी संभावना है। मोर्चों के लिए अध्यक्ष का नाम तय करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सामाजिक समीकरण का विशेष ध्यान रखा है।
पार्टी नेताओं को युवा और महिला मोर्चा के लिए सामान्य जाति के किसी नेता को सामने लाए जाने की उम्मीद है। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी नामों पर अपनी अंतिम स्वीकृति दे दी है। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के लिए महीने भर की बैठकों के बाद नाम तय हुए हैं।
पहले इन दोनों मोर्चा के लिए जो नाम तय किए गए थे उनपर कई तरह की आपत्तियां थी। प्रदेश नेतृत्व अब नामों की घोषणा कर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देने की कोशिश में है। मोर्चा के लिए पिछले अनुभव और कार्यक्षमता को प्राथमिकता दी गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष के एक पद पर भी होगी नियुक्ति
राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा अब राष्ट्रीय मंत्री बन गए हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा से उपाध्यक्ष का एक पद खाली हो गया है। उनकी जगह पर पार्टी किसी नए नेता का नाम घोषित करेगी। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू इसके लिए राष्ट्रीय नेतृत्व से विमर्श कर किसी को जिम्मेदारी देंगे।
इसके अलावा भाजपा की राष्ट्रीय टीम के मोर्चा और प्रकोष्ठ में भी प्रदेश टीम से एक दो नामों को शामिल किया जा सकता है। ऐसे में झारखंड प्रदेश भाजपा में दो तीन जगहों पर नई नियुक्तियां होंगी। इन नियुक्तियों में भी पार्टी जातीय समीकरण का विशेष ध्यान रखेगी। इसके अलावा युवाओं से संवाद करने वाले नेताओं को प्राथमिकता मिलेगी।
