मुख्यमंत्री के प्रचार पर रोक लगाने की मांग, भाजपा ने चुनाव आयोग में की शिकायत
सीएम ने कहा था चुनाव के बाद भाजपाइयों को लाठी-डंडे से खदेड़ेंगें
राज्य ब्यूरो, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हालिया बयान को आधार बना भाजपा ने उनके चुनाव प्रचार पर रोक लगाने की मांग चुनाव आयोग से की है। इस संदर्भ में भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा की ओर से दुमका से झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन की पत्नी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पार्टी ने उन पर दो-दो पैन कार्ड रखने का आरोप लगाया है।
भाजपा चुनाव आयोग संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक सुधीर श्रीवास्तव ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 27 अक्टूबर को दुमका उपचुनाव में अपने भाई बसंत सोरेन के प्रचार के दौरान खुलेआम कहा कि चुनाव के बाद भाजपाइयों को लाठी-डंडे से खदेड़ेंगें। एक राज्य के मुख्यमंत्री के इस तरह के बयान से न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता बल्कि आम जनता भी भयभीत है। कहा, मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किया है वह न सिर्फ आपत्तिजनक है बल्कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन भी है। भाजपा ने निर्वाचन पदाधिकारी से मांग की है कि हेमंत सोरेन के खिलाफ न सिर्फ चुनाव आचार संहिता का मामला दर्ज करने का आदेश दिया जाए बल्कि उनको चुनाव परिणाम तक दुमका एवं बेरमो क्षेत्र में प्रचार से भी प्रतिबंधित किया जाए। सुधीर श्रीवास्तव ने एक अन्य शिकायत में दुमका विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी बसंत सोरेन द्वारा नामांकन प्रति के आधार पर उनकी पत्नी पर दो दो पैन कार्ड रखने का भी आरोप लगाया है। इस आधार पर भाजपा की ओर से बसंत सोरेन का नामांकन रद करने की मांग की गई है।
------------
बाक्स :
मुख्यमंत्री अपने बयान से हिसा को बढ़ावा दे रहे : दीपक प्रकाश
राज्य ब्यूरो, रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठी-डंडे से खदेड़ने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री संवैधानिक और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूल रहे हैं। प्रकाश ने कहा कि लोकतंत्र में हिसा का कोई स्थान नही, परंतु मुख्यमंत्री दोनों उपचुनाव में महागठबंधन उम्मीदवारों की करारी हार देखते हुए भाषा की नीचता पर उतर आए हैं। स्वस्थ लोकतंत्र में स्वस्थ भाषा की उम्मीद की जाती है, लेकिन मुख्यमंत्री भाषा की मर्यादा तोड़ रहे। लाठी डंडे की बात कर मुख्यमंत्री राज्य में हिसा को बढ़ावा दे रहे है। पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्य का मुख्यमंत्री यदि ऐसी भाषा का प्रयोग करेगा तो फिर छोटे कार्यकर्ताओं से क्या उम्मीद की जाएगी।
प्रकाश ने कहा कि भाजपा का यह आरोप की राज्य सरकार के इशारे पर एवं संरक्षण में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याएं हो रही है आज सच साबित होता दिख रह है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार हिसा को बढ़ावा देगी इसका प्रमाण इनकी पहली ही कैबिनेट से ही मिल गया था। पहली कैबिनेट में ही इस सरकार ने राष्ट्र विरोधी लोगों के मुकदमे वापस लिए। आज उग्रवादी, नक्सली फिर से राज्य को अशांत करने में जुट गए हैं।